बिलासपुर। ओडिशा से गांजा लाकर बिहार ले जाने की फिराक में रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही एक युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तोरवा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और उसके कब्जे से 10 किलो गांजा जब्त किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

सीएसपी गगन कुमार (आईपीएस) ने बताया कि ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर एसएसपी रजनेश सिंह ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देश के बाद एसीसीयू और तोरवा पुलिस की टीम रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों पर नजर रख रही थी। विशेष रूप से बाहर से आने वाले यात्रियों की गतिविधियों पर निगरानी की जा रही थी। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक रेलवे स्टेशन से निकलकर बिहार जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहा है और उसकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना मिलते ही टीम ने बुधवारी बाजार के पास घेराबंदी की। वहां से बिहार के बेतिया जिला अंतर्गत मझबलिया निवासी अमोद प्रसाद बरई उर्फ अमोद चौरसिया (28) को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान युवक गोलमोल जवाब देने लगा, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से दो अलग-अलग पैकेट में कुल 10 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर थाने लाया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।
प्रधान संपादक


