Explore

Search

February 12, 2026 7:59 pm

सोशल मीडिया पर हथियारनुमा गन के साथ रील पोस्ट करने वाले युवक पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कानून से बड़ा कोई बाहुबली नहीं ,सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

रायगढ़, 11 फरवरी।सोशल मीडिया पर हथियारनुमा वस्तु का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया–धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा एक युवक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व इंस्टाग्राम आईडी didar.Ali.927 से एक युवक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर गन के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई थी। वीडियो में हथियार का प्रदर्शन किए जाने से आम नागरिकों में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने की आशंका थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल को तत्काल जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए।

जांच में उक्त इंस्टाग्राम आईडी धारक की पहचान दीदार अली, निवासी वार्ड क्रमांक 09, पुरानी बस्ती खरसिया के रूप में हुई। यह भी पाया गया कि युवक वर्तमान में बेहरापारा, धरमजयगढ़ में रह रहा था तथा वीडियो धरमजयगढ़ के सार्वजनिक मार्ग पर बनाया गया था। इसके बाद टीआई श्री अमित तिवारी के नेतृत्व में खरसिया–धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा युवक को तलब कर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान अनावेदक दीदार अली पिता निषार अली, उम्र 33 वर्ष ने बताया कि रील में प्रयुक्त वस्तु छर्रावाली ईयरगन है, जिसके लिए लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती। हालांकि पुलिस द्वारा यह पाया गया कि सार्वजनिक स्थल पर हथियारनुमा वस्तु को खतरनाक हथियार की तरह प्रदर्शित कर सोशल मीडिया पर अपलोड करना शांति एवं कानून व्यवस्था के लिए प्रतिकूल है।

पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर दहशत का माहौल निर्मित करने के आरोप में अनावेदक के विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी समझाइश दी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून से बड़ा कोई बाहुबली नहीं है। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। युवा वर्ग समझ ले कि कानून ही सबसे बड़ा बाहुबली है। रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार निगरानी कर रही है और माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS