Explore

Search

February 12, 2026 7:54 pm

चांदमारी रोड छेड़खानी मामला: युवतियों का पीछा कर रास्ता रोका, एसएसपी की सख्ती,महिला थाना की फुर्ती से एक आरोपी जेल-चार फरार, ग्रैंड विटारा जप्त

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं ,छेड़खानी और अश्लीलता जैसे अपराधों में संलिप्त लोगों की जगह जेल

रायगढ़। शहर की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। चांदमारी रोड पर रात के अंधेरे में कार सवार युवतियों को फिल्मी अंदाज में घेरकर छेड़खानी करने के मामले में महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार हैं।हालांकि इस मामले में एसएसपी के निर्देश पर महिला थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया कि ऐसे अपराधियों के लिए रायगढ़ में कोई जगह नहीं है।

एएसपी अनिल सोनी

घटना 9 फरवरी की रात लगभग 11 बजे की है, जब दो युवतियां दवाई लेने के लिए कार से जा रही थीं। चांदमारी रोड पर कुछ देर रुकने के दौरान पीछे से आई एक ग्रैंड विटारा कार में सवार पांच युवकों ने अशोभनीय टिप्पणियां और इशारे शुरू कर दिए। युवतियों के वहां से निकलने के बावजूद आरोपी उनका पीछा करते रहे और रियापारा तिराहा चौक के पास ओवरटेक कर उनकी कार के सामने वाहन अड़ा दिया।

आरोप है कि एक युवक कार से उतरकर अश्लील हरकतें करने लगा और अपना नाम प्रदीप पटेल बताया, जबकि उसके साथी भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते रहे। भयभीत युवतियों ने अगले दिन महिला थाना पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।

महिला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने दबिश देकर घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार को जप्त किया और जांच के दौरान वाहन चालक नरेन्द्र महावर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में नरेन्द्र महावर ने अपने साथियों प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता और संगम त्रिपाठी के साथ मिलकर छेड़खानी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़े शब्दों में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। छेड़खानी और अश्लीलता जैसे अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।महिला थाना पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में महिला सुरक्षा के प्रति सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS