Explore

Search

April 16, 2026 9:11 am

कोयला व्यवसायी के ठिकानों पर आयकर टीम की दबिश, एसआईआर स्टीकर लगी गाड़ियों से पहुंचे अधिकारी

बिलासपुर। शहर में गुरुवार को आयकर विभाग की कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। कोयला व्यवसायी प्रवीण झा के फील ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने एक साथ दबिश दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहर के व्यापारिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।यही नहीं आयकर विभाग (आईटी) की टीमों ने जांजगीर-चांपा जिलों में कोयला कारोबार से जुड़े तिरुपति मिनरल्स के कई ठिकानों पर छापेमारी कर दस्तावेजों की जांच शुरू की है।


जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीम सुबह अचानक शहर पहुंची और फील ग्रुप के ऑफिस, आवास और फैक्ट्रियों में सघन जांच शुरू कर दी। अधिकारियों की गाड़ियां एसआईआर सर्वे टीम के स्टीकर के साथ विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि विभाग की अलग-अलग टीमें एक साथ कई ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।


घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड स्थित आवास पर भी पहुची टीम


घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड स्थित आवास पर भी टीम ने जांच की कार्रवाई की है। वहां कंप्यूटर हार्ड डिस्क, फाइलों और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। कार्रवाई के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। दोपहर करीब 12 बजे से अधिकारी दस्तावेजों का मिलान करने में जुटे हुए हैं। हालांकि अब तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

कौन है प्रवीण झा

प्रवीण झा शहर के प्रमुख कोयला व्यापारियों में गिने जाते हैं। ऐसे में इस कार्रवाई को लेकर व्यापारिक वर्ग में हलचल बनी हुई है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आयकर विभाग की टीम दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी हुई है।

जांजगीर-चांपा जिले के बीर्रा रोड स्थित तिरुपति मिनरल्स के कार्यालय में भी आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा

इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले के बीर्रा रोड स्थित तिरुपति मिनरल्स के कार्यालय में भी आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। यहां कोयला कारोबारी अंशुमान मुरारका से जुड़े लेनदेन, बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार कोयला कारोबार में टैक्स चोरी, मिक्सिंग, फर्जी बिलिंग और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। आशंका जताई जा रही है कि टैक्स बचाने के उद्देश्य से कई कंपनियों और खातों के माध्यम से लेनदेन किया गया, जिससे घोषित आय और वास्तविक कारोबार में अंतर हो सकता है।

आयकर विभाग की टीमें दोनों जिलों में अलग-अलग स्थानों पर जांच में जुटी हुई हैं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद टैक्स चोरी और काले धन से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS