Explore

Search

October 22, 2026 6:09 pm

जांजगीर में अवैध पटाखा भंडारण पर पुलिस की रेड, 4.50 लाख रुपये के पटाखे जब्त

एक क्विंटल 60 किलोग्राम पटाखे बरामद, आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

CBN36 जांजगीर-चांपा , 22 अक्टूबर 2026। दीपावली पर्व को देखते हुए जांजगीर-चाम्पा जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने के मामले में रेड कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से करीब 4.50 लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा और अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को अवैध रूप से पटाखे जमा किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वार्ड क्रमांक 20, जांजगीर निवासी राहुल महंत के कब्जे से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए।

कार्रवाई के दौरान कुल एक क्विंटल 60 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 866/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख)(1)(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह एवं मुकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, भीम श्रीवास सहित कोतवाली पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

पुलिस की नागरिकों से अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने दीपावली पर्व के दौरान आम नागरिकों से पटाखों का क्रय-विक्रय एवं भंडारण निर्धारित नियमों के अनुसार ही करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS