गुणवत्तापूर्ण व पारदर्शी जेल प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि
बिलासपुर, 12 फरवरी 2026।उप मुख्यमंत्री एवं जेल विभाग के प्रभारी विजय शर्मा के निर्देशा पर छत्तीसगढ़ की केंद्रीय जेलों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में राज्य की चार केंद्रीय जेलों बिलासपुर रायपुर दुर्ग एवं अंबिकापुर को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणन प्रदान किया गया है।
प्रमाणन जारी करने वाली संस्था द्वारा 11 फरवरी 2026 को आयोजित कार्यक्रम में चारों केंद्रीय जेलों के जेल अधीक्षकों को औपचारिक रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। यह प्रमाणन जेल प्रशासन में गुणवत्ता आधारित कार्यप्रणाली, सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

आईएसओ प्रमाणन से बंदी कल्याण मानवाधिकार संरक्षण जोखिम प्रबंधन तथा जन विश्वास और संस्थागत विश्वास को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह पहल सुधारात्मक न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
प्रमाणन प्रक्रिया में केंद्रीय जेल रायपुर के जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री केंद्रीय जेल बिलासपुर के जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी केंद्रीय जेल दुर्ग के जेल अधीक्षक मनीष संभाकर तथा अक्षय सिंह राजपूत सहित चारों केंद्रीय जेलों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर केंद्रीय जेल बिलासपुर के जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने कहा कि राज्य शासन द्वारा जेल प्रशासन में गुणवत्ता पारदर्शिता और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है जो छत्तीसगढ़ को सुधारात्मक प्रशासन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।
प्रधान संपादक


