Explore

Search

February 11, 2026 4:28 pm

बिलासपुर में पुलिस की बड़ी रात्रि कांबिंग, 126 वारंटी और 11 फरार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर।जिले में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने मंगलवार रात व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक साथ जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह विशेष अभियान संचालित किया गया, जिसमें लगभग 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

अभियान के दौरान गठित टीमों ने संभावित ठिकानों, संदिग्ध स्थलों, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थानों तथा वारंटियों के निवास स्थलों पर सघन जांच और दबिश दी। इस कार्रवाई में कुल 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 50 स्थायी वारंटी और 76 गिरफ्तारी वारंट से संबंधित आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे 11 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस ने निगरानी सूची में दर्ज 41 गुंडा-बदमाशों की विधिवत चेकिंग कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया और उन्हें वैधानिक चेतावनी दी। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 10 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान एक प्रकरण में एक व्यक्ति के कब्जे से धारदार हथियार बरामद होने पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वहीं, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी है। बीते एक सप्ताह में जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 105 चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।

इस विशेष कांबिंग अभियान में समस्त थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों, पेट्रोलिंग स्टाफ और विशेष टीमों ने समन्वित एवं योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।

एएसपी पटेल ने की अपील

एएसपी सिटी पंकज पटेल ने आम नागरिकों से जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। वारंटियों, फरार आरोपियों, अवैध गतिविधियों या संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS