Explore

Search

August 27, 2026 12:35 pm

होटल और दुकान का ताला तोड़कर चोरी, मिठाइयों और नकदी पर हाथ साफ

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत हिर्री माइंस चौक में बीती रात अज्ञात चोरों ने होटल और पास स्थित किराना दुकान को निशाना बनाते हुए नकदी व सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिर्री माइंस चौक निवासी मूलचंद साहू (50) यहां होटल का संचालन करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 29 जनवरी की रात करीब 9.30 बजे रोज की तरह होटल बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 30 जनवरी की सुबह करीब 7.30 बजे जब होटल खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर स्तब्ध रह गए। होटल की छत पर लगा टीन कटर से काटा गया था और उसी रास्ते से चोर अंदर घुसे थे। चोरों ने होटल के गल्ले में रखे करीब तीन हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके अलावा फ्रिजर में रखी मिठाइयां और रैक में रखा गुटखा व सिगरेट भी गायब मिले। होटल के भीतर सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ है कि चोरों ने काफी देर तक आराम से चोरी की। इतना ही नहीं, चोरों ने होटल से लगे परमेश्वरी नामक किराना दुकान को भी निशाना बनाया। दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया गया और वहां से भी गल्ले में रखे करीब तीन हजार रुपये नकद सहित गुटखा, सिगरेट और अन्य किराना सामान चोरी कर लिया गया।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोरी


होटल संचालक मूलचंद साहू ने बताया कि होटल में रंगीन सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। फुटेज की जांच करने पर एक युवक होटल के अंदर घूमते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है। युवक ने गुलाबी, काले और सफेद रंग की ऊनी टोपी पहन रखी है। उसके चेहरे पर दाढ़ी-मूंछ है और चेहरा काफी हद तक साफ नजर आ रहा है। फुटेज के अनुसार आरोपी 30 जनवरी की रात करीब 1.40 बजे होटल के भीतर मौजूद था।

अंतिम संस्कार में गांव गया था परिवार


पीड़ित ने बताया कि घटना के समय परिवार में मृत्यु होने के कारण वह और पास की दुकान के संचालक अपने गांव गए हुए थे। इसी वजह से तत्काल थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी। लौटने के बाद घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। चकरभाठा पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी का अपराध दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS