Explore

Search

June 15, 2026 2:04 pm

बिलासपुर में 220 केवी मोपका सब स्टेशन में भीषण आग, आधे शहर की बिजली आपूर्ति ठप

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोपका के कुटीपारा स्थित 220 केवी बिजली सब स्टेशन में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। घटना के चलते न केवल सब स्टेशन में अफरा-तफरी मच गई, बल्कि बिलासपुर शहर के आधे हिस्से सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। काफी मशक्कत के बाद देर शाम दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय सब स्टेशन में अचानक आग भड़क उठी। कर्मचारियों ने प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारी अपनी जान बचाकर बाहर निकले और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

आग इतनी भयावह थी कि सब स्टेशन में स्थापित एक पावर ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सब स्टेशन में कुल तीन ट्रांसफार्मर लगे हैं, जिनमें से एक 160 एमबीए ट्रांसफार्मर में आग लगी। 132 केवी लाइन में फाल्ट आने के कारण ट्रांसफार्मर के बुशिंग से तेल रिसाव शुरू हुआ, जिसके बाद अधिक तापमान के चलते आग लग गई। ट्रांसफार्मर में लगभग 100 किलोलीटर से अधिक तेल होने के कारण आग पर तत्काल काबू पाना मुश्किल हो गया।

घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से सब स्टेशन से होने वाली बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई। इससे बिलासपुर शहर के बड़े हिस्से के साथ-साथ चांटीडीह, सीपत खमरिया सहित कई ग्रामीण इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही। अधिकारी देर शाम तक मौके पर डटे रहे और स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS