बिलासपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस ने शहर में सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जनसहयोग आधारित नई पहल शुरू की है। पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर तैयार इस योजना के अंतर्गत शहर को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आवश्यक सुधारात्मक और समाधानकारी कार्य किए जाएंगे। उद्देश्य है कि नागरिकों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से यातायात व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जा सके।

एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह का उद्घाटन एक जनवरी को चेतना भवन, पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में किया गया था। इस अवसर पर आईजी डॉ. संजीव शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में प्राप्त सुझावों के आधार पर यातायात सुधार के लिए ठोस और व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। यातायात पुलिस द्वारा तैयार योजना के अनुसार चयनित सेक्टरों में अतिक्रमण हटाने, नो-पार्किंग क्षेत्रों में सख्ती से रोक लगाने, निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग को सुनिश्चित करने और सड़क किनारे लगे बैनर, होर्डिंग्स व अन्य दृश्य बाधाओं को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। ठेला, गुमटी और फेरी व्यवसाय से होने वाली यातायात बाधाओं को दूर करने के लिए नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के साथ समन्वय कर नियमित अभियान चलाया जाएगा। सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप पीली पट्टी, जेब्रा क्रॉसिंग, साइन बोर्ड, गति सीमा संकेतक, सूचना बोर्ड और स्वच्छता पेटी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही सड़क पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत, नालियों, डिवाइडर और कटाव के सुधार सहित आवश्यक इंजीनियरिंग कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। होटल, लॉज, विवाह भवन और शिक्षण संस्थानों में आने वाले वाहनों से मार्ग बाधित न हो, इसके लिए विशेष यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू की जाएगी। योजना के तहत व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ और आम नागरिकों को ‘यातायात मित्र’ और ‘ट्रैफिक वार्डन’ के रूप में जोड़ा जाएगा। जनचौपाल और बैठकों के माध्यम से नागरिकों को उनके सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
तीन सेक्टर में पहले होगा काम
प्रथम चरण में अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड, लिंक रोड श्रीकांत वर्मा मार्ग से महिमा तिराहा तथा महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक को पायलट प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुझाव और सहयोग देकर इस अभियान को सफल बनाएं और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहभागी बनें।
प्रधान संपादक


