जशपुर।जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा की गई अनूठी पहल के अंतर्गत सड़क सुरक्षा मितानों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ शासन ने 30 दिसंबर 2025 को जशपुर जिले के 222 सड़क सुरक्षा मितानों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सड़क सुरक्षा किट एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
यह सम्मान उन स्वयंसेवकों को दिया गया, जिन्हें पूर्व में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने हेतु प्रशिक्षित किया जा चुका है। कलेक्टर जशपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के चयनित सड़क सुरक्षा मितानों को चरणबद्ध रूप से प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण का उद्देश्य दुर्घटना की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी सहायता सुनिश्चित करना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचने की कार्यप्रणाली, यातायात नियंत्रण, घायलों को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने की प्रक्रिया, प्राथमिक उपचार, एम्बुलेंस एवं पुलिस से समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, गोल्डन आवर के दौरान घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेडक्रॉस सोसाइटी जशपुर एवं जिला पुलिस जशपुर के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन जशपुर, थाना कुनकुरी परिसर तथा अग्रसेन भवन पत्थलगांव में इन स्वयंसेवकों को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया था। प्रशिक्षण में रक्तस्राव रोकने, फ्रैक्चर की स्थिति में प्राथमिक उपचार, सीपीआर (CPR), दुर्घटना स्थल की सुरक्षा एवं आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी शामिल रही।
कार्यक्रम के दौरान सांसद रायगढ़ श्री राधेश्याम राठिया, सांसद सरगुजा श्री चिंतामणि महाराज, विधायक पत्थलगांव एवं उपाध्यक्ष सरगुजा विकास प्राधिकरण श्रीमती गोमती साय, विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत, पूर्व पर्यटन मंत्री श्री कृष्ण कुमार राय, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती मंजूलता बाज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
क्या कहा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिला पुलिस जशपुर द्वारा सड़क सुरक्षा मितानों के साथ समन्वय स्थापित कर भविष्य में उन्हें सड़क दुर्घटनाओं के दौरान प्रथम प्रतिक्रिया दल के रूप में सक्रिय किया जाएगा। इससे स्वास्थ्य विभाग को सहयोग मिलेगा और दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस द्वारा ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे।
प्रधान संपादक


