Explore

Search

December 19, 2025 12:56 pm

बाइक की टक्कर से आटो पलटा, महिला गंभीर रूप से घायल, अब भी चलने में असमर्थ

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के जोंधरा चौक के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक आटो पलट गया। इस हादसे में आटो सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर सिम्स रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए परिजन उसे निजी अस्पताल और फिर ओडिशा ले गए, जहां वह करीब एक माह तक भर्ती रही। उपचार के बाद भी महिला अब तक चलने में असमर्थ है। घटना की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम सरगंवा निवासी अमित कुर्रे (28) रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। 21 अक्टूबर को वे अपनी पत्नी ममता कुर्रे और छोटे भाई रविंद्र कुर्रे के साथ किसी काम से बिलासपुर आए थे। दिनभर काम निपटाने के बाद तीनों आटो में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनका आटो मस्तूरी के जोंधरा चौक के पास पहुंचा, उसी दौरान किरारी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए आटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में आटो में बैठी ममता कुर्रे को गंभीर चोटें आईं। उन्हें कमर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर आघात लगा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से अमित कुर्रे अपनी घायल पत्नी को लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए महिला को सिम्स रेफर कर दिया। सिम्स में प्रारंभिक इलाज के बाद परिजन बेहतर उपचार की उम्मीद में महिला को एक निजी अस्पताल ले गए। वहां भी संतोषजनक सुधार नहीं होने पर वे उसे ओडिशा ले गए, जहां एक बड़े अस्पताल में लगभग एक महीने तक इलाज चला। इलाज के बाद भी महिला की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है और वह अभी तक अपने पैरों पर खड़ी होकर चल नहीं पा रही है। घटना के संबंध में अमित कुर्रे ने मस्तूरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और संबंधित वाहन चालक की लापरवाही सामने आने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS