एसएसपी के हाथों नियुक्ति आदेश पाकर ख़ुश हुए चयनित आरक्षक ,दिया जवानों को किसी भी प्रकार के अनुचित कार्य अथवा संदिग्ध आचरण से दूर रहते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की हिदायत
बिलासपुर।आरक्षक संवर्ग चयन प्रक्रिया वर्ष 2023-24 के अंतर्गत जिला पुलिस बल बिलासपुर को 17 नए आरक्षक जीडी प्राप्त हुए हैं। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर आईपीएस रजनेश सिंह द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।इस दौरान चयनित उम्मीदवारों के चेहरे खुशी से खिल उठे ।
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज द्वारा अनुमोदित चयन सूची के अनुसार सभी चयनित उम्मीदवारों की नियमानुसार चरित्र सत्यापन एवं मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। शासकीय सेवा के लिए पात्र पाए जाने पर इन्हें आरक्षक जीडी के पद पर जिला पुलिस बल बिलासपुर में रिक्त पदों पर अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है।

नियुक्ति आदेश प्राप्त करने के पश्चात सभी 17 चयनित आरक्षकों ने रक्षित केंद्र, बिलासपुर में अपनी आमद दर्ज कराई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में नव नियुक्त जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा एक अनुशासित एवं उत्तरदायित्वपूर्ण सेवा है, जिसमें ईमानदारी, निष्ठा और पूर्ण समर्पण के साथ आमजन की सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करना आवश्यक है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने जवानों को किसी भी प्रकार के अनुचित कार्य अथवा संदिग्ध आचरण से दूर रहते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की हिदायत दी और अच्छे आचरण से बिलासपुर पुलिस एवं छत्तीसगढ़ पुलिस का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही हजारों अभ्यर्थियों में से चयनित होने पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शेष चयनित अभ्यर्थियों की चरित्र सत्यापन एवं मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होते ही उन्हें भी शीघ्र नियुक्ति देकर आमद कराई जाएगी। नियुक्ति पत्र प्राप्त कर नव चयनित आरक्षकों के चेहरों पर उत्साह और खुशी देखने को मिली।
प्रधान संपादक


