रायपुर, 25 नवंबर 2025।छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र के लिए यह एक बड़ी और गौरवपूर्ण उपलब्धि है। रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स प्रा. लि. के डॉ. अभिषेक पांडे को रूस,भारत समिट 2025 के साथ आयोजित होने वाले रूस–इंडिया फोरम में आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया गया है। विशेष बात यह है कि पूरे छत्तीसगढ़ से एकमात्र प्रतिनिधि के तौर पर यह सम्मान डॉ. पांडे को मिला है।
यह उच्च-स्तरीय फोरम 4–5 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं हिस्सा लेंगे और फोरम को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन रूस की प्रतिष्ठित संस्था रोस्कॉन्ग्रेस फाउंडेशन कर रही है। इसमें दोनों देशों के शीर्ष सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और निवेशक शामिल होंगे।
फोरम में द्विपक्षीय व्यापार लॉजिस्टिक्स सप्लाई-चेन वित्तीय तंत्र, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक निवेश जैसे विषयों पर रणनीतिक चर्चा प्रस्तावित है। भारतीय उत्पादों की रूसी बाजारों में उपस्थिति बढ़ाने और भुगतान प्रणाली को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर रहेगा।
रेफ्राकास्ट मेटलर्जिकल्स का कहना है कि डॉ. पांडे का चयन कंपनी की अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति और तकनीकी विश्वसनीयता को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा।
गौरतलब है कि डॉ. पांडे हाल ही में अक्टूबर 2025 में रूस के कालनिनग्राद में आयोजित त्रि-राष्ट्र व्यापार संवाद में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य रहे थे। इससे पहले वे मॉस्को में हुए ब्रिक्स आर्थिक फोरम में भी कंपनी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
तीन दशकों से धातुकर्म प्रक्रियाओं स्पेंट-कैटेलिस्ट रीसाइक्लिंग शून्य-कचरा तकनीक और सतत औद्योगिक समाधानों पर कार्य कर रही रेफ्राकास्ट का मानना है कि यह अवसर भारत रूस औद्योगिक सहयोग और निवेश संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा।
डॉ. अभिषेक पांडे का यह चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि छत्तीसगढ़ और देश की औद्योगिक नवाचार क्षमता का भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व करेगा। फोरम में उनकी उपस्थिति से दोनों देशों के उद्योग जगत के बीच साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्रधान संपादक





