Explore

Search

June 22, 2026 10:53 am

डांस प्रोग्राम के लिए नहीं दिया चंदा, किराना व्यवसायी की पिटाई

बिलासपुर। बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम छतौना में डांस प्रोग्राम के लिए चंदा नहीं देने पर युवकों ने एक किराना दुकान संचालक की पिटाई कर दी। विरोध करने पर एक युवक ने दुकानदार के चेहरे पर चूड़ा से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल व्यवसायी ने बेलगहना चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छतौना निवासी अशोक तिवारी गांव में किराना दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की शाम करीब छह बजे वे गांव के ही एक अन्य व्यापारी के यहां व्यापारिक बातचीत के लिए गए थे। इसी दौरान गांव के अजय भानू और आनंदराम वहां पहुंचे। दोनों ने बताया कि गांव में डांस प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है और इसके लिए वे चंदा इकठ्ठा कर रहे हैं। उन्होंने अशोक तिवारी से भी चंदा देने के लिए कहा। अशोक ने बताया कि उस समय उनके पास पैसे नहीं थे, इसलिए उन्होंने चंदा देने से मना कर दिया। इतना सुनते ही दोनों युवक नाराज हो गए और उनसे गाली-गलौज करने लगे। जब अशोक ने इसका विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान अजय भानू ने चूड़ा निकालकर अशोक के चेहरे पर वार कर दिया, जिससे उसकी नाक पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद गांव लोगों की मदद से घायल अशोक तिवारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उन्होंने बेलगहना चौकी में पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों अजय भानू और आनंदराम के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS