Explore

Search

May 7, 2026 9:03 pm

गरीबों को भोजन और रुपये का लालच देकर मतांतरण का प्रयास, छह गिरफ्तार

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम हिर्री में रविवार को प्रार्थना सभा की आड़ में गरीबों को धर्मांतरण के लिए उकसाने का मामला सामने आया है। हिंदू संगठन के सदस्यों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गांव में रहने वाला व्यक्ति और उसकी पत्नी गरीब परिवारों को भोजन और रुपये का लालच देकर सभा में बुलाते थे, जहां उन्हें दूसरे धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता था।

मस्तूरी थाना प्रभारी हरीश टांडेकर ने बताया कि उन्हें ग्राम हिर्री में गोरेलाल टंडन के घर पर प्रार्थना सभा आयोजित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां करीब 60 से 70 लोग एकत्रित थे। पूछताछ में सामने आया कि सभा में गरीब तबके के लोगों को खास तौर पर बुलाया गया था। आरोप है कि उन्हें पहले भोजन कराया जाता था और फिर धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक रूप से तैयार करने की कोशिश की जाती थी। मस्तूरी निवासी सुमित सिंह ने पुलिस से शिकायत की थी कि गोरेलाल टंडन और उसकी पत्नी सहोदरा टंडन लंबे समय से गांव में इस तरह की सभाएं कर रहे हैं। इनके साथ हरानंद टंडन निवासी कमरीद, जयपाल केंवट निवासी बेलमुंडी, ज्योतिष कुमार अंचल निवासी सिल्ली और कुमार तरुण सूर्यवंशी निवासी दर्री, जांजगीर भी इस गतिविधि में शामिल हैं। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी टांडेकर ने बताया कि सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी प्राप्त की जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS