मुंगेली। विजयादशमी दशहरा पर्व के अवसर पर जिलेभर में परंपरागत ढंग से शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन रक्षित केंद्र मुंगेली में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने परंपरागत विधि-विधानों के साथ शस्त्रों उपकरणों और वाहनों की पूजा अर्चना कर सुरक्षा शक्ति और विजय की कामना की।
इस अवसर पर एसपी पटेल ने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व है। जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने इस दिन रावण का वध कर लंका पर विजय प्राप्त की और मां दुर्गा ने महिषासुर का वध किया, उसी प्रकार हम सबको अपने अंदर के रावण को समाप्त कर सत्य और सद्भावना का मार्ग अपनाना चाहिए। उन्होंने जिलेवासियों को दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से पर्व मनाने की अपील की।

पुलिस जवानों और अधिकारियों ने भी सज-धज कर अपने हथियारों की पूजा की। परंपरा अनुसार पूजा-अर्चना के उपरांत रखिया कद्दू काटकर हवाई फायरिंग की गई और इसके बाद वाहनों की विधिवत पूजा संपन्न हुई। इसी क्रम में जिले के सभी थानों में भी शस्त्र पूजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे अधिकारी
इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एसडीओपी मुंगेली मयंक तिवारी एसडीओपी पथरिया नवनीत पाटिल उप पुलिस अधीक्षक एस.आर. घृतलहरे यातायात एवं नक्सल उप पुलिस अधीक्षक संजय साहू, रक्षित निरीक्षक नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा बघेल सहित जिले के थाना प्रभारी व पुलिसकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
शस्त्र पूजन कार्यक्रम में मुंगेली पुलिस ने पुनः यह संकल्प लिया कि जिले की जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और हर परिस्थिति में जनता की रक्षा ही पुलिस का परम कर्तव्य रहेगा।

प्रधान संपादक




