Explore

Search

April 26, 2026 10:47 pm

कांग्रेस का आरोप,फर्जी वोट से बदला नतीजा, लोकतंत्र पर मंडरा रहा खतरा

बिलासपुर ।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर-ग्रामीण ने कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची में कथित हेराफेरी चुनावी धोखाधड़ी और वोट चोरी के आरोपों पर आधारित प्रेस वार्ता का सीधा प्रसारण देखा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय ने इस मौके पर आरोप लगाया कि 2014 से सत्तारूढ़ भाजपा और चुनाव आयोग के बीच सांठगांठ से लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट के नतीजों ने संदेह पैदा किया। इस सीट की सात विधानसभा सीटों में से छह पर कांग्रेस जीती लेकिन महादेव विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत ने कुल परिणाम बदल दिया। पांडेय के अनुसार एक निजी जांच एजेंसी की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महादेव विधानसभा में एक लाख से अधिक फर्जी मतदाता थे जिससे कांग्रेस की जीत हार में बदल गई।

पांडेय ने दावा किया कि 2014 के बाद से जिन एग्जिट पोल में कांग्रेस की जीत दिखाई गई उनमें पार्टी को हार का सामना करना पड़ा जबकि भाजपा के पक्ष में अनुमानित परिणाम सही साबित हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार मतदान के पहले भाग में कांग्रेस आगे रहती है लेकिन शाम तक नतीजे पलट जाते हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र में 40 लाख मतदाताओं के नाम जोड़े जाने को भी उन्होंने सोची-समझी रणनीति बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में चुनाव आयोग एसआईआर के नाम पर नया खेल खेल रहा है, जबकि एक वर्ष पहले लोकसभा चुनाव में इन राज्यों की मतदाता सूचियां सही थीं। उन्होंने कहा चुनाव आयोग की निष्पक्षता खत्म हो गई है और इससे देश में लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है।

बैठक में पूर्व विधायक सियाराम कौशिक पूर्व महापौर रामशरण यादव पूर्व महामंत्री अर्जुन तिवारी पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक रविन्द्र सिंह नरेंद्र बोलर जितेंद्र पांडेय संयुक्त महामंत्री देवेंद्र सिंह प्रदेश सचिव शिबली मिराज समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS