Explore

Search

October 23, 2026 7:47 am

फसल बचाने खेत में लगाया करंट, मवेशी की मौत पर किसान गिरफ्तार

बिलासपुर। खेत को मवेशियों से बचाने के लिए फेंसिंग वायर में करंट प्रवाहित करना एक किसान को भारी पड़ गया। करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि किसान ने अवैध रूप से बिजली कनेक्शन लिया था, जिससे यह हादसा हुआ।



रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलतरा गांव निवासी संतोष नेताम ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी गाय खेत में चारा चरने गई थी। इसी दौरान वह गांव के ही अशोक धीवर के खेत में चली गई, जहां फेंसिंग वायर में करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आने से गाय की मौके पर ही मौत हो गई।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि किसान अशोक धीवर ने अपनी फसल को मवेशियों से बचाने के लिए खेत की बाड़ में बिजली का करंट दौड़ा रखा था। इसके लिए उसने अवैध रूप से सिंचाई कनेक्शन से बिजली ली थी। तार के छिल जाने के कारण करंट सीधे फेंसिंग वायर में आ गया, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस ने आरोपी किसान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और बिजली अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खेतों में इस तरह से बिजली का करंट चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे मवेशियों से फसल बचाने के लिए वैकल्पिक और सुरक्षित उपाय अपनाएं, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS