Explore

Search

February 23, 2026 11:50 pm

ट्रांसपोर्ट नगर में जुआ खेलते 19 आरोपी गिरफ्तार, पांच लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

रायपुर। शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से 19 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ढाई लाख रुपये से अधिक की नकदी और 20 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना खमतराई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग नंबर-6, दीदी का ढाबा के पास कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर कुल 19 आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 52 पत्ती ताश, नकद 2 लाख 52 हजार 520 रुपये तथा अलग-अलग कंपनियों के 20 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये है, जब्त किए गए। इस तरह कुल 5 लाख 2 हजार 520 रुपये की संपत्ति जब्ती में ली गई।

मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 129/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में टेट्कु उर्फ लोकेश वर्मा, जनेश्वर साहू उर्फ राजू, राजू साहू, शंकर साहू, विवेक साहू, मनीष वर्मा, युवराज देवांगन, सेवक राम कौशल, बसंत सिंह, सोहन लाल साहू, यशवंत साहू, घनश्याम साहू, संजय यादव, मोहन दाम, राहुल निषाद, धनश्याम साहू, संदीप कुमार गोंड, चिंता राम सिन्हा और प्रशांत नेताम शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।शहर में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS