रायपुर।रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल ज़ोन के निर्देशन में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजा पैकिंग कर फुटकर बिक्री के लिए बनाए गए एक हाइडआउट पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 7 किलो 397 ग्राम गांजा सहित पैकिंग में प्रयुक्त सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 23 और 24 फरवरी की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेहरू नगर, नरैय्या तालाब क्षेत्र में दो व्यक्ति गांजा की पुड़िया रखकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना का रोजनामचा में इंद्राज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। वैधानिक अनुमति के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।
मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान अब्दुल जाफर (32), निवासी नेहरू नगर, थाना सिटी कोतवाली और सुनील जगत (28), निवासी सुदामा नगर, थाना टिकरापारा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से गांजा की पुड़िया और नगद राशि जप्त की गई।
पूछताछ में मिले मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने नेहरू नगर कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास स्थित एक हाइडआउट पर कार्रवाई की, जहां से दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 7.397 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई है।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए हाइडआउट के मुख्य प्रवेश द्वार पर मोशन सेंसर और आने-जाने वाले रास्तों पर दो सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। मौके से गांजा पैकिंग में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में प्लास्टिक झिल्ली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री भी जप्त की गई है।
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली के उप निरीक्षक जानकी शरण मरावी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक डोली नेताम, आरक्षक शिवराज बघेल, मुकेश सिंह और गिरधर प्रजापति की भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 24 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में केवल फुटकर विक्रेताओं तक सीमित न रहकर गांजा तस्करी से जुड़े सप्लायर और बैकवर्ड लिंक की भी गहन जांच की जा रही है। अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


