पुलिस टीम को नकद इनाम, आईजी – एसएसपी ने की सराहना,टीम को नकद इनाम देने की घोषणा

“एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कारोबारियो को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अपराधी चाहे किसी भी राज्य के हों, कानून से बच नहीं सकते।”
बिलासपुर।महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर जानलेवा हमला कर करोड़ों की ज्वेलरी व कार लूटने की सनसनीखेज वारदात के पीछे हत्या की सुपारी से जुड़ा संगठित अपराध नेटवर्क सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे षड्यंत्र की पटकथा पहले कारोबारी भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए रची गई थी, लेकिन योजना विफल होने के बाद अपराधियों ने शहर के ज्वेलर्स और कारोबारियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि यह मामला सामान्य लूट नहीं बल्कि अंतरराज्यीय कुख्यात गिरोह का सुनियोजित अपराध है।उन्होंने कहा आरोपियों ने कई महीनों तक रेकी की हत्या की सुपारी ली और फिर लूट की वारदात को अंजाम दिया। गिरोह के सभी सदस्य आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।
हत्या की सुपारी से शुरू हुआ अपराध का सिलसिला

एसएसपी सिंह के मुताबिक इस पूरे नेटवर्क की जड़ में राजू सोनकर और नारद उर्फ सुमित श्रीवास हैं, जिन्होंने प्रॉपर्टी विवाद के चलते भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की हत्या कराने के लिए बाहर से अपराधियों को बुलाया था। इस साजिश के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी, जिसमें से 6 लाख रुपये एडवांस दिए गए।एडवांस की रकम में से पाँच लाख रुपये जप्त किए गए हैं ।
लूट और हत्या के लिए बुलाए गए बाहरी शूटर

सुपारी के तहत मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और दिल्ली से कुख्यात अपराधियों को बिलासपुर लाया गया। इस गिरोह में शामिल विनोद उर्फ बिन्नु प्रजापति, विजय लांबा, करीम खान, मोनू उर्फ राहुल उर्फ गुडवा, इरफान अली, नारद उर्फ सुमित श्रीवास और राजू सोनकर ने मिलकर लगातार रेकी की।
महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूट: सुनियोजित और क्रूर वारदात

17 फरवरी 2026 की रात ज्वेलर्स संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। अंधे मोड़ पर मारुति ईको कार से टक्कर मारकर उन्हें रोका गया। इसके बाद देशी कट्टा तानकर, कट्टे की बट और हथौड़ी से सिर व शरीर पर गंभीर वार किए गए।आरोपियों ने करीब 2 किलो सोना, 200 ग्राम जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड, 3.50 लाख रुपये नगद और रेनॉल्ट क्विड कार लूट ली।
त्योहार में ज्वेलर्स की तिजोरी तोड़ने की थी तैयारी

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सदर बाजार लाइन में एक ज्वेलर्स की दुकान की तिजोरी को त्योहार के शोर-शराबे में तोड़ने की योजना बना चुके थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने गिरोह को दबोच लिया।
यूपी में गिरफ्तारी, शत-प्रतिशत मशरूका बरामद
सीसीटीवी फुटेज, साइबर इनपुट और लोकल सूचना के आधार पर आरोपियों का पीछा करते हुए बिलासपुर पुलिस ने मिर्जापुर (उत्तरप्रदेश) में घेराबंदी की। यूपी पुलिस के सहयोग से चार मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए गए। बाद में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने लूट का 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा
व्यापारियों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अपराधी चाहे किसी भी राज्य के हों, कानून से बच नहीं सकते।
अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने अब तक 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, धारदार चाकू, तीन कारें, मोबाइल फोन और 5.33 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ और उत्तरप्रदेश में कई गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।गिरफ्तार आरोपियों में विनोद उर्फ बिन्नु प्रजापति पिता शिवलाल प्रजापति उम्र 33 वर्ष निवासी न्यू डबल स्टोरी गणेश चैंक जमुना थाना भालूमाडा जिला अनूपपूर करीम खान पिता वसीम खान उम्र 23 वर्ष निवासी चकमहमूद सकलेननगर ओल्ड सिटी थाना बरादरी जनपद बरेली यूपी विजय लाम्बा पिता रामलाल लांबा उम्र 52 वर्ष निवासी चंदन नगर थाना जगतपुरी पूर्वी नई दिल्ली मोनू उर्फ राहूल उर्फ गुडवा पिता सुंदर उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम सोरखा थाना सेक्टर 113 जिला गौतम बुद्ध नगर नोयडा।


इरफान अली पिता अकरम अली उम्र 32 वर्ष निवासी झलमला थाना सीपत जिला बिलासपुर नारद उर्फ सुमित श्रीवास पिता गोपी श्रीवास उम्र 42 वर्ष निवासी 27 खोली थाना सिविल लाईन जिला बिलासपुर राजू सोनकर पिता ललंदर सोनकर उम्र 38 वर्ष निवासी चिंगराजपारा देवनचाल के सामने थाना सरकण्डा जिला बिलासपुर शामिल है।
पुलिस टीम को नकद इनाम, आईजी -एसएसपी ने की सराहना,टीम को नकद इनाम देने की घोषणा

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज आईपीएस रामगोपाल गर्ग एवं उप पुलिस महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह ने उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम की सराहना की।

इस कार्रवाई में एएसपी सिटी पंकज पटेल, ग्रामीण मधुलिका सिंह, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य किशोर केंवट विजय चौधरी उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर जे.पी. निषाद, श्रवण टंडन, हेमंत आदित्य, प्रभाकर तिवारी, सउनि प्रवीण लाल, शैलेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक शोभित कैवर्त, राजेश्वर क्षत्रीय, बलबीर सिंह, प्रमोद सिंह, आतिश पारिक, राहुल सिंह, देवमुन सिंह, पुहुप आरक्षक सत्या पाटले, आशीष राठौर, सरफराज खान, विवेक राय, संजीव जांगड़े, मिथलेश सोनी, महादेव कुजुर, प्रेम सूर्यवंशी, प्रशांत सिंह, विकास राम सहित अन्य ने अहम भूमिका निभाई।वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्ती और समन्वय का उदाहरण है।
प्रधान संपादक


