Explore

Search

November 1, 2026 12:58 am

बाइक की रफ्तार कम करने कहा तो युवकों ने ठेकेदार को पीटा

बिलासपुर। भक्त कंवर राम गेट के पास देर रात तेज रफ्तार बाइक चला रहे युवकों को ठेकेदार ने संभलकर चलने के लिए कहा तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई कर दी। हमले में ठेकेदार को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिंधी कॉलोनी, फारेस्ट कॉलोनी निवासी नितेश साहू ठेकेदार हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे वह भक्त कंवर राम गेट के पास पैदल टहल रहे थे। इसी दौरान जरहाभाठा की ओर से तीन युवक तेज रफ्तार में एक्टिवा से गुजरे। नितेश ने उन्हें धीरे चलने के लिए टोका, जिस पर युवक भड़क गए। थोड़ी देर बाद वे वापस लौटे और यशु व आदी नाम के युवकों ने नितेश से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब नितेश ने विरोध किया, तो आरोपी पास में ही संजीवनी अस्पताल के पास से लोहे की रॉड उठाकर लाए। इस दौरान प्रियांक पांडेय नामक युवक भी वहां मौजूद था, लेकिन युवकों ने उसे छोड़ दिया और अकेला पाकर नितेश पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से बुरी तरह मारपीट की और नितेश को जमीन पर घसीट दिया।
हमले में नितेश के चेहरे और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान उनका गले का सोने का चेन भी गायब हो गया। शोर सुनकर प्रियांक लौट आया, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
घायल नितेश किसी तरह थाने पहुंचा और घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में जुर्म दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। मामले की जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS