Explore

Search

June 19, 2026 1:40 pm

कामवाली बाई पर चोरी का संदेह, बुजुर्ग महिला ने दर्ज कराई शिकायत

बिलासपुर। सिरगिट्टी के महिमा नगर में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने अपनी कामवाली बाई पर सोने की चेन और नकदी चोरी करने का संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



महिमा नगर की रहने वाली जी. श्यामंति (65) ने बताया कि वे वृद्धावस्था के कारण अधिकांश समय घर पर ही रहती हैं। बुधवार की सुबह करीब छह बजे वे प्रतिदिन की तरह मार्निंग वॉक के लिए घर से बाहर गईं। इसी दौरान उनकी कामवाली बाई काम पर आई। लगभग आधे घंटे बाद जब श्यामंति लौटकर आईं, तब बाई घर में काम कर रही थी। एक घंटे बाद काम समाप्त कर वह चली गई।

श्यामंति ने बताया कि कुछ देर बाद जब उन्होंने सब्जी वाले को पैसे देने के लिए पर्स टटोला, तो उसमें से करीब 150 रुपये गायब थे। हैरान होकर उन्होंने दूसरा पर्स भी चेक किया, जिसमें से सोने की चेन भी गायब थी। घटना से घबराई वृद्धा ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

महिला ने बाई पर चोरी का संदेह व्यक्त किया है, क्योंकि घटना के समय घर में वही मौजूद थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और कामवाली बाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि मामले की सच्चाई का पता लगाया जा सके। सिरगिट्टी पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आएगी। फिलहाल घरेलू सहायिका पर निगरानी रखी जा रही है और जल्द ही मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS