Explore

Search

October 25, 2026 8:43 pm

स्काउट शिविर में छात्रों ने सीखे आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के गुर

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के मझगांव स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों के लिए औरापानी डैम में एक दिवसीय स्काउट व्यक्तित्व विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्राचार्य शैलेश कुमार पांडेय ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्काउटिंग छात्रों को आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और अनुशासन का पाठ पढ़ाती है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।

शिविर में स्काउट टीचर रंजीत खूंटे ने छात्रों को स्काउट शपथ दिलाई और स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों से अवगत कराया। इस दौरान छात्रों को विभिन्न उपयोगी कौशल सिखाए गए, जिनमें गांठों के निर्माण की तकनीक, पशु-पक्षियों की आवाज पहचानना, नक्शे की सहायता से छुपी वस्तुओं की खोज, प्राथमिक चिकित्सा, विभिन्न संकेतों के अर्थ समझना और आत्मरक्षा के उपाय शामिल थे। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों में आत्मनिर्भरता, टीम वर्क, सहयोग और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

शिविर के अंतर्गत सामान्य ज्ञान जांच परीक्षा का आयोजन भी किया गया, जिसमें नितेश नेताम ने प्रथम स्थान हासिल किया, महागुरु यादव दूसरे स्थान पर रहे और तुषार कुमार को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेता छात्रों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता शोभाराम पालके ने किया। उन्होंने स्काउटिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को इसे जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। शिविर में स्कूल के अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों की भी उत्साहजनक भागीदारी रही। शिविर के अंत में छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे उनके भीतर नेतृत्व और आत्मविश्वास की भावना और भी मजबूत हुई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS