Explore

Search

February 5, 2026 7:28 pm

भोपाल से पकड़ा गया हथियारों का तस्कर, सप्लायर नेटवर्क की तलाश जारी

बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार और अवैध हथियारों की सप्लाई पर अंकुश लगाने के लिए सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जरहाभाठा मिनीबस्ती से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को भोपाल से पकड़ा गया है। फिलहाल आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर हथियार बनाने और सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

विशेष अभियान के तहत की गई कार्रवाई
सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार और अवैध हथियारों की सप्लाई पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन, तारबाहर और पुलिस लाइन के बल को शामिल कर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को मिनीबस्ती और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और बदमाशों के ठिकानों पर रेड व सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए थे।

मिनीबस्ती से नशीली टेबलेट और हथियार बरामद
विशेष टीम ने मिनीबस्ती जरहाभाठा क्षेत्र में रेड और बदमाशों के घरों की सघन चेकिंग की। इसी दौरान मिनीबस्ती निवासी स्वराज कुर्रे (20) के कब्जे से करीब 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त की गई। नशीली टेबलेट मिलने के बाद जब पुलिस ने तलाशी का दायरा बढ़ाया तो आरोपी के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 नग जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

भोपाल से होती थी हथियारों की सप्लाई
पूछताछ के दौरान आरोपी स्वराज कुर्रे ने बताया कि उसे अवैध हथियारों की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेन्द्र सिंह तोमर (37) द्वारा की जाती थी। आरोपी ने यह भी बताया कि धीरेन्द्र तोमर पूर्व में भी जिले में पिस्टल सप्लाई करने के मामलों में संलिप्त रहा है और लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहा था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने अंतर्राज्य नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए आगे की कार्रवाई तेज कर दी।

भोपाल में दबिश देकर दूसरा आरोपी गिरफ्तार
स्वराज कुर्रे से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर तत्काल भोपाल रवाना किया। टीम ने स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी धीरेन्द्र सिंह तोमर की पतासाजी की और उसे दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। भोपाल से गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक ऑटोमेटिक पिस्टल और दो मैग्जीन बरामद की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर बिलासपुर लाया गया, जहां उसे न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी धीरेन्द्र सिंह तोमर की रिमांड लेकर उससे विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायरों, खरीदारों और नेटवर्क में शामिल लोगों के संबंध में अहम जानकारियां सामने आने की बात कही जा रही है।

एंड-टू-एंड चल रही जांच
मामले की जांच में जुटे अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार काम कर रही है। अंतरर्राज्यी स्तर पर फैले नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस एंड-टू-एंड जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार इस मामले में और भी लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। जल्द ही इस प्रकरण में और भी आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।

अवैध संपत्तियों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस द्वारा आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर ली गई है। इन संपत्तियों पर जल्द ही कानूनी जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इसके जरिए गिरोह पर आर्थिक प्रहार कर उनकी कमर तोड़ने की तैयारी है। इसके साथ ही आरोपियों के नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS