
आनंद मुंशी ने दिया नवाचार और निरंतर प्रयास का संदेश, सीएमडी हरीश दुहन बोले- टीम एसईसीएल में हर लक्ष्य हासिल करने का माद्दा
CBN36 बिलासपुर, 24 नवंबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के 42वें स्थापना दिवस के दो दिवसीय समारोह का मंगलवार को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह के पहले दिन प्रख्यात प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी ने अपने प्रेरक सत्र में नवाचार, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास को सफलता का आधार बताया। वहीं, उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, खदानों, क्षेत्रों और विभागों को विभिन्न श्रेणियों में 170 से अधिक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रेरक सत्र को संबोधित करते हुए आनंद मुंशी ने दौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी भी दौड़ को शुरू करना आसान होता है, लेकिन उसे सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास और दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यों में नए प्रयोग करने और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की छोटी-छोटी पहल और नए विचार संगठन की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि जिस प्रकार सैनिक सीमा पर देश की सुरक्षा करता है, उसी प्रकार कोयला कर्मियों का भी देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि देश की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सीएमडी ने टीम एसईसीएल पर भरोसा जताते हुए कहा कि यदि प्रत्येक कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में थोड़ा अतिरिक्त प्रयास करे तो कंपनी निर्धारित उत्पादन लक्ष्य आसानी से हासिल कर सकती है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण और उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंचि दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ सहित पूर्व निदेशक आर.एस. सिंह, ए.आर. कोमावर और जी. श्रीनिवासन उपस्थित रहे। इसके अलावा संयुक्त सलाहकार समिति, कल्याण बोर्ड एवं सुरक्षा समिति के सदस्य, सिस्टा, ओबीसी और एससी-एसटी एसोसिएशनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
शारदा भूमिगत खदान और जगन्नाथपुर खुली खदान अव्वल

पुरस्कार वितरण समारोह में विशेष अभियान-6, नारी शक्ति, नवाचार, खेलकूद, युवा उपलब्धि, सर्वश्रेष्ठ विभाग और उत्कृष्ट संविदा कर्मी सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
भूमिगत खदानों की श्रेणी में सोहागपुर क्षेत्र की शारदा खदान ने प्रथम, बैकुंठपुर क्षेत्र की पांडवपारा खदान ने द्वितीय तथा सोहागपुर क्षेत्र की खैरहा और जोहिला क्षेत्र की विंध्या खदान ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
खुली खदानों की श्रेणी में भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर खदान प्रथम, रायगढ़ क्षेत्र की बरौद खदान द्वितीय और सोहागपुर क्षेत्र की अमलाई खदान तृतीय स्थान पर रही। क्षेत्रीय प्रदर्शन में रायगढ़ क्षेत्र ने पहला, भटगांव ने दूसरा और बैकुंठपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, सर्वाधिक वृद्धि के लिए मेगा खुली खदानों की श्रेणी में कुसमुण्डा और भूमिगत खदानों की श्रेणी में हल्दीबाड़ी को पुरस्कृत किया गया।
आज होगा मुख्य समारोह, पलाश सेन की प्रस्तुति से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

स्थापना दिवस का मुख्य समारोह बुधवार, 25 नवंबर को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में आयोजित होगा। इसमें कंपनी के 15 से अधिक पूर्व अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक एवं निदेशक शामिल होंगे। समारोह का एक प्रमुख आकर्षण शाम को वसंत विहार मैदान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या होगी, जिसमें मशहूर पॉप गायक डॉ. पलाश सेन अपने लोकप्रिय बैंड ‘यूफोरिया’ के साथ संगीतमय प्रस्तुति देंगे।
प्रधान संपादक