Explore

Search

November 24, 2026 7:03 pm

रेलवे का सघन टिकट चेकिंग अभियान, 615 मामलों में 5.24 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला

बिलासपुर-चांपा-रायगढ़-ब्रजराजनगर और बिलासपुर-भाटापारा सेक्शन में 25 ट्रेनों की हुई जांच

Cbn36 बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ लगातार टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 22 नवंबर 2026 को बिलासपुर-चांपा-रायगढ़-ब्रजराजनगर तथा बिलासपुर-भाटापारा सेक्शन में सघन नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 25 ट्रेनों की जांच कर कुल 615 मामलों में 5 लाख 24 हजार 445 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक, उप-मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टीटीई स्टाफ की टीम शामिल रही। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के साथ यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना था।

रेलवे से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के 443 मामले सामने आए, जिनसे 4 लाख 7 हजार 810 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, अनियमित टिकट के 149 मामलों में 1 लाख 14 हजार 235 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 23 मामलों में 2 हजार 400 रुपये की वसूली की गई।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले उचित यात्रा टिकट अवश्य लें। स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट खरीदें। साथ ही रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और गंदगी फैलाने तथा धूम्रपान जैसी गतिविधियों से बचें। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS