
आवास आवंटन प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी और सरल, कर्मचारियों को मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं
CBN36 बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में तीन माह से संचालित निवारक सतर्कता अभियान का 16 नवंबर को समापन हुआ। इस अवसर पर कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने ऑनलाइन ‘ई-आवास’ पोर्टल का शुभारंभ किया। इस डिजिटल पहल से एसईसीएल में आवास आवंटन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल, त्वरित और प्रभावी होने की उम्मीद है।
17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक चले इस अभियान के समापन समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। वहीं, एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

ई-आवास पोर्टल का विकास सतर्कता विभाग की पहल पर मानव संसाधन एवं सिस्टम विभाग के संयुक्त प्रयासों से किया गया है। इसके माध्यम से कर्मचारी आवास संबंधी सेवाओं का लाभ ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन एवं उसकी स्थिति की जानकारी, एचआर/एसएपी आधारित सत्यापन, स्वचालित वरिष्ठता सूची, नियमानुसार आवास आवंटन तथा डिजिटल आवंटन आदेश जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा आवासों की रियल-टाइम स्थिति देखने, आवास परिवर्तन एवं पारस्परिक विनिमय, आरक्षण और विशेष प्रावधानों के अनुपालन के साथ सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड एवं ऑडिट ट्रेल की सुविधा भी मिलेगी। इससे आवास आवंटन प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और व्यवस्था में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर सीएमडी हरीश दुहन ने पोर्टल के विकास में योगदान देने वाली सतर्कता, मानव संसाधन एवं सिस्टम विभाग की टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारियों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ई-आवास पोर्टल से आवास प्रबंधन एवं आवंटन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और उत्तरदायी बनेगी।
दुहन ने कहा कि तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के दौरान मिली सीख और अपनाई गई बेहतर कार्यप्रणालियों को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाना चाहिए। संगठन के प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, सतर्कता और सत्यनिष्ठा को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
समारोह के दौरान साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
एसईसीएल में ई-आवास पोर्टल की शुरुआत को डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शी प्रशासन और कर्मचारी-केंद्रित मानव संसाधन प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
प्रधान संपादक