“एसएसपी का निर्देश और सरगांव पुलिस ने जीपीएस लोकेशन के आधार पर ग्राम मदकू में घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा, 38.650 टन कोयले सहित ट्रेलर जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल”
CBN36 छत्तीसगढ़ मुंगेली। जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर मुंगेली पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सरगांव पुलिस ने नेशनल हाईवे से कोयले से लदे ट्रेलर की चोरी के मामले को महज 7 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गया ट्रेलर और उसमें लदा 38.650 टन कोयला, कुल 42 लाख 43 हजार 495 रुपये की संपत्ति बरामद की है।
डीएसपी हरविंदर से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर चालक रामखिलावन कुर्मी 15 नवंबर को गेवरा खदान से 38.650 टन कोयला लोड कर ट्रेलर क्रमांक CG 22 AJ 8016 से रायपुर स्थित वंदना प्लांट के लिए रवाना हुआ था। 16 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे सरगांव-पथरिया मोड़ के पास चालक चाय पीने के लिए वाहन खड़ा कर चाय ठेले पर गया। वापस लौटने पर ट्रेलर मौके से गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर चालक ने थाना सरगांव में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला तथा एसडीओपी पथरिया हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में सरगांव पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रेलर में लगे जीपीएस सिस्टम की लोकेशन के आधार पर पीछा करते हुए ग्राम मदकू में घेराबंदी की और मदकूद्वीप चौक के पास चोरी गए ट्रेलर को पकड़ लिया।
मौके पर पकड़े गए आरोपी की पहचान भगतराम राजपूत (24 वर्ष), निवासी लमती, थाना सरगांव, जिला मुंगेली के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने ट्रेलर और उसमें लदे कोयले की चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 लाख रुपये कीमत का ट्रेलर और 2 लाख 43 हजार 495 रुपये का कोयला, कुल 42 लाख 43 हजार 495 रुपये की संपत्ति जब्त की।
डीएसपी सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 189/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।एसएसपी भोजराम पटेल के नेतृत्व में मुंगेली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की सक्रियता और तत्परता सामने आई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नवनीत नावेलकर, सहायक उप निरीक्षक निर्मल घोष सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधान संपादक