Explore

Search

November 13, 2026 1:54 pm

कानाफूसी

सफाई में हमारा जवाब नहीं, तभी तो दिल्ली तक है गूंज

सफाई में हमारा कोई जवाब नहीं है, छत्तीसगढ़ को कौन कहे, दिल्ली तक हमारी तूती बोलती है। तभी तो हम अपनी कैटेगरी में देश के टॉप शहर में हैं और हमारी गिनती भी इसी अंदाज में होती है। अब आप सोच रहे होंगे कि इसका श्रेय किसको जाता है। क्रेडिट का सवाल है तो यह पूरी तरह ओपन ऑफर है। जो भी चाहे, ले सकता है। सफाई का सवाल है, किसी एक के बूते की बात भी नहीं है। पब्लिक से लेकर अफसर और राजनेता से लेकर वार्ड का नेता, सबका हक बनता है और सभी अपना क्रेडिट ले सकते हैं। तभी तो श्रेय लेने की होड़ सी मची हुई है। सभी अपने-अपने तरीके और अपने अंदाज में क्रेडिट ले रहे हैं। देखिएगा क्रेडिट का यह दो साल तक चलते रहेगा।

बिल्हा का जवाब नहीं, यहां भी अंदाज-ए-बयां कुछ शहर जैसा ही


बिल्हा का तो पूछिए मत, इसका जवाब नहीं है, पहली बार टॉप करे तो इसे तुक्का कहकर विपक्षी नकार सकते हैं ,पर यह तो कंटिन्यू है। इसे तुक्का नहीं और ना ही लक कह सकते हैं। यह पूरी तरह लोकल बॉडी का काम है जो पूरी सिद्धत के साथ अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। वाकई इसके लिए स्थानीय सरकार से लेकर जनप्रतिनिधि और बिल्हा के लोग बधाई के पात्र हैं। बिल्हा के लोगों को क्रेडिट मिलनी ही चाहिए। क्रेडिट चाहे पुरानी बॉडी को दें या फिर नई बॉडी को। दोनों ही इसके हकदार हैं। पुरानी ने जो काम किया उसे नई ने ही तो अंजाम तक पहुंचाया है।

बड़ा सा पार्क, शराब का जखीरा और आबकारी का मांडवाली

शहर के एक बड़े पार्क में त्योहारी सीजन में बड़े पैमाने पर शराब खपाया जा रहा था। एक दौर में तो खप भी गया था, दूसरे दौर में आबकारी विभाग के अफसरों को भनक लग गई। देररात छापामार कार्रवाई भी हुई। बताते हैं बड़े पैमाने पर शराब की बोतलें पकड़ाई। वीडियो भी बना, वीडियो एक से दूसरे, तीसरे होते हुए ना जाने कितनों के पास पहुंच गई। इस धंधे से जुड़े लोगों का लगा, अब बस बड़ी कार्रवाई हो ही जाएगी। पर यह क्या, कार्रवाई के बजाय बड़ी मांडवाली हो गई। इसमें कौन-कौन शामिल रहे, यह पता लगाने का काम आपका है। आपको पता लगे तो हमसे कंफर्म कर लीजिएगा।

उपचुनाव और अग्निपरीक्षा


हेमूनगर वार्ड के पार्षद के निधन के बाद सीट खाली हो गई है। इस वार्ड में उपचुनाव को लेकर उलटी गिनती शुरू हो गई है। स्थानीय निर्वाचन कार्यालय में तो तैयारी भी शुरू हो गई है। सत्ता व विपक्षी दल की तैयारियां किस अंदाज में चल रही है, ये तो कुछ दिनों बात ही पता चलेगा। उप चुनाव दोनों ही दलों के रणनीतिकारों के लिए अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। खुला और भीतरघात अब तो दोनों दलों के कुछ खास लोगों के आदत में शामिल हो गया है। चुनाव में जो भी हो, असली अग्निपरीक्षा अब मेयर की होगी। मेयर का गृह वार्ड होने के कारण उनके लिए चुनौतियां ही चुनौतियों रहेंगी। एक सवाल यह भी कि कहीं सत्ताधारी दल के नाराज और असंतुष्ट खेमा उलटी चाल चल दे तब क्या होगा।

अटकलबाजी

स्वच्छता में मिली सफलता को आने वाले दिनों में कौन-कौन भुनाएंगे, सूची बना लीजिए, सूची बनाने के बाद हमें भी बताइएगा।

नगर निगम के एक वार्ड में उपचुनाव की उलटी गिनती शुरू हो गई है। खुला और भीतरघात का खेल किधर से चलेगा। कहीं सत्ताधारी दल की ओर से तो नहीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS