
सैकड़ों स्वच्छता दीदियों और अधिकारी-कर्मचारियों ने किया अभिनंदन,राष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रहा सम्मान स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर सुधार, प्रतिबद्धता और प्रभावी प्रयासों का प्रमाण : अरुण साव
Cbn36 रायपुर, 12 नवंबर 2026। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों नई दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर रायपुर लौटे उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव तथा रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के निकाय प्रमुखों का विमानतल पर भव्य स्वागत किया गया। तीनों नगरीय निकायों से सैकड़ों की संख्या में स्वच्छता दीदियां और अधिकारी-कर्मचारी अपने जनप्रतिनिधियों के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए विमानतल पहुंचे थे।
रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे के साथ नई दिल्ली गए प्रतिनिधिमंडल का रायपुर लौटने पर पारंपरिक लोकनृत्यों, गाजे-बाजे और उत्साहपूर्ण माहौल में स्वागत किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने लगातार दूसरे वर्ष तीनों नगरीय निकायों की राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि बरकरार रहने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम रखी है। लगातार दो वर्षों तक प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना स्वच्छता के क्षेत्र में हो रहे निरंतर सुधार, प्रतिबद्धता और प्रभावी प्रयासों का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे सफाई मित्रों का अथक परिश्रम, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी है। सफाई मित्र प्रतिदिन शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अरुण साव ने कहा कि शहरी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रदेश की नौ हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में उनकी सक्रिय भूमिका है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान स्वच्छता दीदियों के समर्पण और योगदान का भी सम्मान है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कुछ शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और सुविधापूर्ण बनाना है। बिलासपुर, रायपुर और बिल्हा की यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
सुशासन सरकार में स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की लगातार बढ़ती पहचान, तीनों निकायों ने बरकरार रखी अपनी उपलब्धि
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। बिल्हा, बिलासपुर और रायपुर ने इस वर्ष भी स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम रखी है।
पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में भी बिल्हा ने अपनी श्रेणी में देश में प्रथम स्थान हासिल किया था। वहीं बिलासपुर ने तीन लाख से दस लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इस बार भी बिलासपुर ने अपनी उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए देश के सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में राजधानी रायपुर को छत्तीसगढ़ का ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ पुरस्कार मिला था। वहीं इस वर्ष रायपुर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार अपने नाम किया है।
प्रधान संपादक