Explore

Search

November 12, 2026 8:08 pm

स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का बजा डंका, बिल्हा देश में अव्वल

बिलासपुर को नदी तटवर्ती शहरों में दूसरा स्थान, रायपुर को राज्य में मिला पहला पुरस्कार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विज्ञान भवन में किया सम्मानित, उप मुख्यमंत्री अरुण साव समेत नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों ने ग्रहण किए पुरस्कार

Cbn36 बिलासपुर। स्वच्छता और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए हैं। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। रायपुर नगर निगम ने स्वच्छता के मामले में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौर और अधिकारियों ने राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

छोटे शहर ने बड़े शहरों को पीछे छोड़ा

बिल्हा नगर पंचायत की उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि सीमित संसाधनों के बावजूद छोटे शहर ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। यह सफलता बेहतर स्वच्छता प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी और स्थानीय निकाय के प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। बिल्हा की इस उपलब्धि ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति लोगों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिल्हा का देश में पहला स्थान प्राप्त करना, बिलासपुर का नदी तटवर्ती शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल करना और रायपुर का प्रदेश में अग्रणी रहना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। सरकार का उद्देश्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे रहना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था बनाना है, जिसमें स्वच्छता नागरिकों की आदत और शहरों की पहचान बने।

सामूहिक प्रयासों का मिला परिणाम : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के साझा प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और नगरीय सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेश में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

समारोह में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे सहित राज्य शहरी विकास अभिकरण के मिशन डायरेक्टर सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS