
“धान खरीदी शुरू होने से ठीक पहले प्रशासन की सख्ती से अवैध धान कारोबार में संलिप्त लोगों में मचा हड़कंप”
CBN36 बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से पहले बिलासपुर जिला प्रशासन ने अवैध धान कारोबारियों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के सात अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 200.40 क्विंटल धान जब्त किया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य उपार्जन केंद्रों में अवैध रूप से धान खपाने और अनधिकृत भंडारण पर रोक लगाना है। अधिकारियों की संयुक्त टीम ने संबंधित एसडीएम और तहसीलदार के नेतृत्व में व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं धान संग्रहण स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
इन सात ठिकानों से हुई धान की जब्ती
- चकरभाठा के नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल।
- चकरभाठा के श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल।
- कोटा स्थित श्रीराम राइस मिल से 50.40 क्विंटल।
- ग्राम गतौरा के अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल।
- बेलगहना के विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल।
- ग्राम किरारी के राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल।
- मझवानी, दारसागर स्थित पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल।
इस पूरी कार्रवाई में कुल 200.40 क्विंटल धान जब्त किया गया है। सभी संबंधित मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
अवैध धान कारोबारियों को प्रशासन की चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध संग्रहण और दूसरे राज्यों या अन्य स्रोतों से लाए गए धान को उपार्जन केंद्रों में खपाने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यापारियों, व्यक्तियों और संस्थानों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक