Explore

Search

November 8, 2026 7:20 pm

सोशल मीडिया पर जल्दी पैसा कमाने की चाह में हैवान बना युवक, 4-5 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या

बच्चे को बहला-फुसलाकर ले गया, शराब पिलाकर गला रेता; सीना और पेट चीरकर अंग निकालने का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

CBN36 जशपुर। सोशल मीडिया पर जल्दी और अधिक पैसा कमाने के तरीके तलाशते-तलाशते एक युवक के मन में ऐसी खौफनाक साजिश ने जन्म लिया, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 वर्षीय मासूम बालक जितेन्द्र राम की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मासूम को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के बाद शराब पिलाई और उसके नशे में सो जाने पर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के सीने और पेट को काटकर शरीर के अंग निकालने की बात अपने मेमोरेंडम कथन में बताई है।

एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी मजदूरी से मिलने वाली कमाई से संतुष्ट नहीं था और अधिक पैसा कमाना चाहता था। इसी उद्देश्य से वह सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे गए कथित रूप से निकाले गए अंग तथा मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री बरामद की है।

दो दिन से लापता था मासूम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36 वर्ष) ने 7 नवंबर को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेन्द्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार करीब एक साल से मजदूरी के सिलसिले में सन्ना क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू रिश्ते में प्रार्थी का ममेरा भाई था और उसका परिवार के घर आना-जाना था।

घटना के दिन 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे आरोपी रामजीत और एक अन्य परिचित को शराब पीने के लिए अपने साथ ले गया था। शराब पीने के बाद रामजीत और उसका परिचित बस स्टैंड की ओर चले गए, जबकि आरोपी वापस अपनी झोपड़ी की तरफ लौट गया। बाद में रामजीत घर पहुंचा तो उसका बेटा गायब मिला। तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बालक को आरोपी के साथ खेत की झोपड़ी की ओर जाते देखा था।

खेत के गड्ढे में बोरी के भीतर मिला शव

परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में मासूम की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 7 नवंबर की सुबह दोबारा तलाश के दौरान गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी के भीतर कंबल और गोधड़ी में लिपटा बालक का शव मिला। शव को मिट्टी से हल्का दबाया गया था। इसके बाद पुलिस ने हत्या और अपहरण से संबंधित धाराओं में अपराध क्रमांक 88/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

बहाने से ले गया, शराब पिलाकर की हत्या

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि वह बालक को बहला-फुसलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया था। इसके बाद उसे महानदी डेम के पास ले जाकर कुछ समय घुमाया और फिर सन्ना खुटाटांगर से शराब एवं मुर्गा खरीदा।

आरोपी ने बताया कि उसने मुर्गा बनाया और बालक को भी शराब पिलाई। शराब के नशे में बालक के सो जाने के बाद उसने पहले से रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव के सीने और पेट को काटकर किडनी, फेफड़ा और आंख निकालने की बात भी आरोपी ने पुलिस को बताई।

अंगों को बाल्टी में रखकर छिपाया

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कथित रूप से निकाले गए अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रखा और शव को कंबल व गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भर दिया। इसके बाद खेत के पानी भरे गड्ढे में शव को डालकर मिट्टी से दबा दिया। वहीं घटना में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा और बाल्टी को बांस की झाड़ियों के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव, चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे अंग और मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज, प्रधान आरक्षक सुमन टोप्पो, रविन्द्र एक्का, विजय खूंटे तथा आरक्षक महेश्वर यादव, प्रवीण खलखो और बलबीर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार यह वारदात जल्दी और अधिक पैसा कमाने की चाह तथा इंटरनेट के गलत इस्तेमाल से उपजी आरोपी की कथित विकृत मानसिकता का परिणाम है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS