Explore

Search

October 7, 2026 1:31 am

दिल्ली अब दूर नहीं, सरगुजा को मिली बड़ी रेल सौगात, अब सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन

अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच मंगलवार और गुरुवार को होगा सीधा रेल सफर, सांसद चिंतामणि महाराज ने दिखाई हरी झंडी

CBN36 अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में एक के बजाय दो दिन चलेगी। मंगलवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद चिंतामणि महाराज ने द्विसाप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में सवार यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अनुसार, गाड़ी संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा मिल गई है।

लंबे समय से थी सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग

सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए गए। अब सेवा की आवृत्ति बढ़ने से पूरे सरगुजा संभाग के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन चलने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों को असुविधा होती थी। अतिरिक्त फेरा शुरू होने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में अधिक सुविधा होगी।

उन्होंने बताया कि पहले दिन ही यात्रियों में नई सेवा को लेकर उत्साह नजर आया। रायगढ़, जशपुर समेत अन्य क्षेत्रों से भी यात्री इस ट्रेन से सफर करने पहुंचे। सांसद ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार जताया।

यात्रियों की मांग पर बढ़ाई गई ट्रेन की आवृत्ति

डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की ओर से दिल्ली के लिए संचालित रेल सेवा को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। जनप्रतिनिधियों की मांग के आधार पर रेल मंत्रालय ने ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाई है। इससे अंबिकापुर के अलावा मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

अंबिकापुर स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

डीआरएम ने बताया कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के विकास के लिए कई कार्य चल रहे हैं। स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। रेलवे लाइनों के विस्तार के साथ बड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसके अलावा कोचिंग सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है। भविष्य में अंबिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं को देखते हुए स्टेशन की अधोसंरचना और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कारोबार के लिए सफर होगा आसान

अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन मिलने से नगरवासियों के साथ पूरे क्षेत्र के यात्रियों को लाभ होगा। विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों के लिए दिल्ली आना-जाना आसान होगा। उन्होंने रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर डीसीएम एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम अहूजा, पार्षद आलोक दुबे, पार्षद रविकांत उरांव, भारत सिंह सिसोदिया, अरुणा सिंह, विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS