बैंक में बंधक जमीन का सौदा कर 29.70 लाख लिए, दूसरी संपत्ति के नाम पर भी ऐंठे 20 लाख; न्यायिक रिमांड पर भेजा
CBN36 जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र में जमीन को भारमुक्त और विवादरहित बताकर 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी हरिशंकर गुप्ता (44) निवासी मारुति विहार कॉलोनी, चांपा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक ही जमीन का सौदा करने के बाद उसके एक हिस्से की दूसरे व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री करा दी। वहीं शेष जमीन बैंक में बंधक होने की बात छिपाकर रजिस्ट्री के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
29.70 लाख लेकर कराया इकरारनामा
पुलिस के अनुसार, तहसील रोड बरपाली चौक, चांपा निवासी वरुण सोमानी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि आरोपी हरिशंकर गुप्ता ने ग्राम पोड़ीकला स्थित कुल 22 खसरों की 4.95 एकड़ भूमि को भारमुक्त और विवादरहित बताते हुए 29.70 लाख रुपये में सौदा किया था। पूरी रकम लेने के बाद आरोपी ने 14 जुलाई 2025 को विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित कराया।
इसके बाद आरोपी ने उक्त भूमि में से नौ खसरों की कुल 2.37 एकड़ जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री करा दी। जब प्रार्थी ने शेष जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो आरोपी लगातार बहाने बनाकर टालमटोल करता रहा।
राजस्व अभिलेखों की जांच में खुला मामला
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। राजस्व अभिलेखों की जांच में सामने आया कि संबंधित जमीन बैंक में बंधक थी। इसके बावजूद आरोपी ने जमीन को भारमुक्त बताकर रकम ली थी।
इसी तरह आरोपी ने प्रार्थी के पिता से भी चांपा स्थित जमीन-मकान को भारमुक्त और विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये लिए थे। बाद में इस संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चांपा थाने में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिशंकर गुप्ता को पकड़ा। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
प्रधान संपादक




