Explore

Search

September 23, 2026 6:25 pm

तेरहवीं के दिन दिवंगत आरक्षक के बेटे को मिली अनुकंपा नियुक्ति, एसएसपी ने घर पहुंचकर सौंपा नियुक्ति पत्र

CBN36 जशपुर। दिवंगत पुलिसकर्मी के परिवार के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने उनके पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की। उन्होंने विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा कराते हुए बुधवार को दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के दिन उनके गृह ग्राम पहुंचकर पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद का नियुक्ति पत्र सौंपा।

एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ आरक्षक देव नारायण सिंह का स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें उपचार के लिए रायपुर स्थित बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने परिवार की स्थिति और भविष्य को देखते हुए अनुकंपा नियुक्ति की विभागीय प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराया।

2007 में पुलिस विभाग में हुए थे भर्ती

स्व. देव नारायण सिंह की वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्ति हुई थी। सेवाकाल के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और एसडीओपी कार्यालय जशपुर में सेवाएं दीं।

परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस

23 सितंबर को तेरहवीं के अवसर पर डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं दिवंगत आरक्षक के गृह ग्राम पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र सौंपा।

इस दौरान डॉ. सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। किसी कर्मचारी के असमय निधन से उसके परिवार पर आने वाली कठिनाइयों को पुलिस विभाग समझता है और ऐसे समय में पूरा पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी अजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS