राजभाषा पखवाड़े के तहत बिलासपुर रेल मंडल में दिनकर जयंती और संगोष्ठी का आयोजन
CBN36 बिलासपुर। बिलासपुर रेल मंडल में राजभाषा पखवाड़े के तहत बुधवार को मंडल सभाकक्ष में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती एवं राजभाषा संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में दिनकर के साहित्य, विचारों और राष्ट्रप्रेम को याद करते हुए कर्मचारियों को उनके रचनात्मक योगदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) जमना शंकर मीना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में प्रभारी राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी भास्कर गृह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पीपीटी से बताई दिनकर की साहित्यिक यात्रा
कार्यक्रम में रामधारी सिंह दिनकर के जीवन, साहित्यिक उपलब्धियों और उनके रचनात्मक योगदान पर पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुति दी गई। कार्यालय सहायक सरस्वती साहू ने दिनकर की कविता का काव्य पाठ किया। इसके अलावा कर्मचारियों ने भी दिनकर की जीवनी और साहित्य पर अपने विचार साझा किए।
अन्याय और असमानता के खिलाफ मुखर रहे दिनकर
अपर मंडल रेल प्रबंधक जमना शंकर मीना ने कहा कि दिनकर जयंती केवल महान कवि को स्मरण करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके साहित्य, विचारों और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेने का अवसर भी है। दिनकर की रचनाओं में भारतीय संस्कृति की गहरी जड़ें दिखाई देती हैं। साथ ही उनके साहित्य में अन्याय, शोषण और असमानता के विरुद्ध मुखर स्वर भी देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा है और इसके प्रचार-प्रसार में प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों से राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि बिलासपुर रेल मंडल में 14 से 28 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं, संगोष्ठियों और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
प्रधान संपादक




