Explore

Search

September 23, 2026 8:28 pm

रेलवे ने 20 दिन में पकड़े 43,710 बेटिकट यात्री, वसूले 3.13 करोड़ रुपये

बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर लगातार कार्रवाई, बिलासपुर-रायपुर-नागपुर मंडलों में चला विशेष अभियान

CBN36 बिलासपुर, 22 सितंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों के खिलाफ सघन टिकट जांच अभियान चलाया। बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों में एक से 20 सितंबर तक 43,710 मामलों में कार्रवाई की गई। इन मामलों से रेलवे ने 3 करोड़ 13 लाख 15 हजार 499 रुपये का राजस्व अर्जित किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करने के साथ ही रेल राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से मंडलों में विशेष और नियमित टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट अथवा बिना उचित यात्रा प्राधिकार के सफर करने वाले यात्रियों पर रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की गई।

ट्रेनों और प्रमुख स्टेशनों पर जांच

टिकट जांच दलों ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ अलग-अलग ट्रेनों में भी नियमित जांच की। इस दौरान बिना उचित प्राधिकार या निर्धारित नियमों के विपरीत सामान और लगेज लेकर यात्रा करने वाले मामलों की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित यात्रियों से नियमानुसार अतिरिक्त किराया और जुर्माना वसूला गया।

यात्रा से पहले टिकट लेना जरूरी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले उचित और वैध टिकट जरूर लें। यात्रा के दौरान टिकट अथवा यात्रा प्राधिकार अपने पास सुरक्षित रखें। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में यात्रियों को अतिरिक्त किराया और दंड का भुगतान करना पड़ सकता है।रेलवे के मुताबिक यात्रियों की सुविधा, रेल राजस्व की सुरक्षा और नियमों के अनुरूप यात्रा सुनिश्चित करने के लिए टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS