Explore

Search

September 19, 2026 6:54 pm

हॉस्टल से निकलकर बाजार पहुंची सात वर्षीय बच्ची, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

आधार कन्या शाला देवरी खुर्द के छात्रावास की निगरानी व्यवस्था पर सवाल, जांच की मांग

CBN36 बिलासपुर। आधार कन्या शाला देवरी खुर्द के छात्रावास की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि छात्रावास से सात वर्षीय एक बच्ची अकेले निकलकर गोल बाजार तक पहुंच गई। वहां कुछ लोगों की नजर बच्ची पर पड़ी तो उन्होंने उसे सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने में मदद की।

बताया गया कि बच्ची आधार कन्या शाला देवरी खुर्द में अध्ययनरत है और उसे स्कूल के छात्रावास में रखा गया था। इसी दौरान वह छात्रावास से निकलकर गोल बाजार पहुंच गई। बाजार में उसकी मुलाकात स्थानीय नागरिकों से हुई। बच्ची भूखी थी, जिसके बाद उसे स्वल्पाहार कराया गया। बातचीत के दौरान बच्ची से उसके परिवार के संबंध में जानकारी ली गई और परिजनों से संपर्क किया गया।

इसके बाद बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। घटना सामने आने के बाद छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

जिम्मेदारों की भूमिका की जांच की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला शिक्षा अधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि छात्रावास में नाबालिग छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित प्रबंधन की है। ऐसे में किसी बच्ची का छात्रावास से निकलकर शहर के बाजार तक पहुंच जाना गंभीर विषय है।

लोगों ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था, छात्राओं की निगरानी और जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS