राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में विद्यालय ने हासिल किया दूसरा स्थान
CBN 36, बिलासपुर। राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरौंधा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्क्वैश प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विद्यालय की छात्रा सविता साहू का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। सविता के राष्ट्रीय स्तर पर चयन की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि को विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
नियमित अभ्यास और मार्गदर्शन से मिली सफलता
खिलाड़ियों की इस सफलता में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अलका गांगुली और व्यायाम शिक्षिका श्रीमती गीता सिंह बनाफर का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। उनके निर्देशन में विद्यार्थियों ने नियमित अभ्यास किया और प्रतियोगिता के लिए आवश्यक खेल कौशल को विकसित किया।
विद्यालय परिवार ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों और राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित सविता साहू को बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में उत्साह है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
प्रधान संपादक




