Explore

Search

September 13, 2026 10:24 pm

बुखार से तप रही थी छात्रा, उल्टी हुई तो उसी से साफ कराई कुर्सी; वीडियो वायरल, कलेक्टर ने लिया संज्ञान

मस्तूरी के बेलटुकरी प्राथमिक स्कूल का मामला, प्रधान पाठक को नोटिस; तीन दिन में मांगा जवाब

CBN36 बिलासपुर। मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में बीमार छात्रा से कुर्सी साफ कराने का मामला सामने आया है। छात्रा पहले से बुखार से पीड़ित थी। स्कूल पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टी हो गई। आरोप है कि छात्रा को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के बजाय उससे ही उल्टी से गंदी हुई कुर्सी साफ कराई गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा। वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लिया और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रधान पाठक को नोटिस, तीन दिन में जवाब

कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी की प्रधान पाठक श्रीमती भारती खांडे को नोटिस जारी किया है। नोटिस में तीन दिवस के भीतर पूरे मामले का स्पष्ट और तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग मामले में संबंधित पक्ष का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS