Explore

Search

September 13, 2026 10:24 pm

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की धूम, मिला बेस्ट इमर्जिंग टूरिस्ट डेस्टिनेशन का सम्मान

बस्तर के झरनों से सिरपुर की विरासत तक दिखाई पर्यटन की तस्वीर, ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स ने दिखाई रुचि

CBN36 रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक खूबसूरती, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत ने राष्ट्रीय पर्यटन मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। विशाखापट्टनम में आयोजित 41वें इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) के वार्षिक सम्मेलन में प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को देशभर से पहुंचे ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स के सामने प्रस्तुत किया गया। सम्मेलन के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को ‘Best Emerging Tourist Destination’ के सम्मान से नवाजा गया।

10 से 13 सितंबर तक नोवोटेल वरुण बीच में आयोजित सम्मेलन की थीम ‘भारत—विश्व के पर्यटन अवसरों का अगला बड़ा केंद्र’ रही। इसमें देश में पर्यटन के नए गंतव्य विकसित करने, पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने और देश को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने पर चर्चा हुई।

वीडियो प्रेजेंटेशन में दिखी छत्तीसगढ़ की खूबसूरती

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की पर्यटन संपदा को वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इसमें बस्तर के जलप्रपात और जंगल, वन्यजीव, सिरपुर की ऐतिहासिक धरोहर, धार्मिक स्थल, जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और साहसिक पर्यटन स्थलों की झलक दिखाई गई।

ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स को छत्तीसगढ़ को अपनी नई यात्रा इटिनरी में शामिल करने के लिए आमंत्रित किया गया। पर्यटन बोर्ड की ओर से प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए चल रही योजनाओं और नए पर्यटन स्थलों की संभावनाओं की जानकारी भी दी गई।

पवेलियन में जुटे ट्रैवल एजेंट्स, बी-टू-बी बैठकें

सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पवेलियन में ट्रैवल ट्रेड से जुड़े प्रतिनिधियों की अच्छी रुचि देखने को मिली। बड़ी संख्या में ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स ने पवेलियन पहुंचकर पर्यटन प्रतिनिधियों के साथ बी-टू-बी बैठकें कीं। इस दौरान छत्तीसगढ़ के पर्यटन पैकेज, डेस्टिनेशन और इटिनरी को लेकर चर्चा हुई।

11 और 12 सितंबर को आयोजित भारतीय पर्यटन मेले में भी विभिन्न राज्यों के पर्यटन विभागों और यात्रा कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। यहां पर्यटन कारोबार को बढ़ाने और नए साझेदारी अवसर तलाशने पर बातचीत हुई।

केंद्रीय मंत्री समेत कई दिग्गज पहुंचे

सम्मेलन में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, आंध्र प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं छायांकन मंत्री कंदुला दुर्गेश और आंध्र प्रदेश सरकार के विशेष मुख्य सचिव शमशेर सिंह रावत सहित पर्यटन और यात्रा उद्योग से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधि शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने भी सम्मेलन में सहभागिता की। उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को सामने रखा। सम्मेलन के दौरान उन्हें सम्मानित भी किया गया।

झरने, जंगल, विरासत और जनजातीय संस्कृति बनी पहचान

छत्तीसगढ़ की पर्यटन पहचान केवल प्राकृतिक स्थलों तक सीमित नहीं है। यहां बस्तर के घने जंगल और जलप्रपात, सिरपुर की प्राचीन विरासत, दंतेवाड़ा की धार्मिक आस्था और समृद्ध जनजातीय संस्कृति पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। प्रदेश में धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, जनजातीय, वन्यजीव और साहसिक पर्यटन को एक साथ विकसित करने की संभावनाएं हैं।

सम्मान से पर्यटन कारोबार को नई उम्मीद

‘Best Emerging Tourist Destination’ का सम्मान छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया में नई पहचान मिलने के साथ पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन निवेश और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की पर्यटन विविधता की प्रस्तुति और मिले सम्मान से छत्तीसगढ़ को देश के उभरते पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम माना जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS