Explore

Search

October 13, 2026 3:12 pm

तोखन साहू के प्रयास रंग लाए, बिलासपुर-यलहंका ट्रेन अब नियमित

26 अगस्त को केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू दिखाएंगे हरी झंडी

CBN36 बिलासपुर। बिलासपुर से बेंगलुरु के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू के निरंतर प्रयासों से बिलासपुर-यलहंका साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित कर दिया गया है। नियमित सेवा की शुरुआत 26 अगस्त 2026 से होगी।

बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए तोखन साहू ने इस रेल सेवा को नियमित कराने के लिए लगातार पहल की थी। अब बिलासपुर से दक्षिण भारत के प्रमुख शहर बेंगलुरु तक साप्ताहिक नियमित रेल सेवा उपलब्ध होगी।

26 अगस्त को दिखाई जाएगी हरी झंडी

नियमित परिचालन की शुरुआत के अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू 26 अगस्त को बिलासपुर से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे बिलासपुर और दक्षिण भारत के बीच रेल आवागमन को और सुविधा मिलेगी।

तोखन साहू ने रेल सेवा को नियमित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है और छत्तीसगढ़ को भी इसका लाभ मिल रहा है।

हर बुधवार बिलासपुर से रवाना होगी ट्रेन

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 18261 बिलासपुर-यलहंका साप्ताहिक ट्रेन 26 अगस्त से प्रत्येक बुधवार को बिलासपुर से दोपहर 2 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 7 बजे यलहंका पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 18262 यलहंका-बिलासपुर साप्ताहिक ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को रात 9:30 बजे यलहंका से रवाना होगी।

ट्रेन भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, बल्लारशाह, काजीपेट, सिकंदराबाद, रायचूर, गुंतकल, अनंतपुर, धर्मवरम और हिंदूपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर चलेगी।

विद्यार्थियों, व्यापारियों और मरीजों को मिलेगा लाभ

नियमित हुई यह ट्रेन बिलासपुर और दक्षिण भारत के बीच आवागमन को आसान बनाएगी। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और बेंगलुरु आने-जाने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

बिलासपुर क्षेत्र के यात्रियों की मांग को केंद्र सरकार तक पहुंचाने और रेल सेवा को नियमित कराने में तोखन साहू की पहल महत्वपूर्ण रही है। इस सेवा के नियमित होने से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और बिलासपुर के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS