Explore

Search

August 22, 2026 7:04 pm

गार्ड को डांटने का बदला लेने पहुंचा युवक, पिस्टल से दाग दी गोली

सीसीटीवी से खुला राज, बिहार के जमुई में खेत से दबोचा गया आरोपी; वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद

CBN36 रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कंपोजिट मदिरा दुकान में सुरक्षा गार्ड पर फायरिंग करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात के बाद बिहार भागे 19 वर्षीय आरोपी विवेक कुमार यादव को पुलिस ने जमुई जिले में खेत में छिपे होने के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की गई है। मामले में उसका साथी रोशन ठाकुर अभी फरार है।

गार्ड ने देर रात शराब दुकान आने पर लगाई थी फटकार

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि 17 अगस्त की रात गेरवानी स्थित शराब दुकान में ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल ड्यूटी पर तैनात था। रात करीब 10:30 बजे विवेक कुमार यादव अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ वहां पहुंचा। दोनों का गार्ड से देर रात शराब दुकान आने को लेकर विवाद हो गया। गार्ड ने दोनों को डांट-फटकार लगाई।

विवाद के बाद दोनों वहां से लौटकर लेबर क्वार्टर चले गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गार्ड की डांट से उसका साथी रोशन परेशान होकर रोने लगा। इसी बात से नाराज होकर विवेक पिस्टल लेकर दोबारा शराब दुकान पहुंचा और गार्ड से गाली-गलौज करने लगा।

पिस्टल निकालकर पेट में मार दी गोली

आरोपी ने गार्ड चन्द्रशेखर पटेल को जान से मारने की धमकी दी और अचानक पिस्टलनुमा हथियार निकालकर गोली चला दी। गोली गार्ड के पेट में लगी। घायल गार्ड जान बचाने के लिए शराब दुकान के आहाते के पीछे जाकर छिप गया और साथियों को सूचना देने के बाद डायल 112 को जानकारी दी।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और बिहार चला गया।

सीसीटीवी फुटेज से मिला आरोपी का सुराग

फायरिंग की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा थाना पुलिस, साइबर थाना, आबकारी विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना में शामिल विवेक कुमार यादव गेरवानी स्थित अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करता था। घटना के बाद से वह फरार था। इसके बाद पुलिस ने उसके गृह जिले जमुई में तलाश शुरू की।

पुलिस पहुंची तो घर से भागकर खेत में छिप गया

आरोपी की तलाश के लिए उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से ग्राम खैरा में आरोपी की तलाश की गई। पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही विवेक घर से निकलकर खेत की ओर भाग गया और वहां छिप गया।पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को खेत से दबोच लिया गया। इसके बाद उसे रायगढ़ लाया गया।

पूछताछ में कबूला वारदात करना

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ गार्ड से विवाद और फिर पिस्टल से फायरिंग करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि वह अग्रोहा स्टील प्लांट में मजदूरी करता था। प्लांट के फोरमैन प्रमोद शुक्ला से भी उसका विवाद चल रहा था।

आरोपी के अनुसार, फोरमैन को डराने के लिए वह अपने गांव गया था और वहां एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी थी। इसी पिस्टल से फोरमैन को डराने-धमकाने की बात भी उसने स्वीकार की।

30 हजार में खरीदी थी पिस्टल

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फोरमैन को धमकाने के लिए खरीदी गई पिस्टल को ही बाद में गार्ड पर फायरिंग में इस्तेमाल किया। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली है।

मामले में घायल गार्ड की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा थाने में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

साथी रोशन ठाकुर की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी विवेक कुमार यादव पिता रामेश्वर यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी जीतझिंगोई, थाना खैरा, जिला जमुई, बिहार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसका साथी रोशन ठाकुर घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

एसएसपी बोले- दूसरे राज्य में छिपे अपराधी भी बच नहीं पाएंगे

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध कर फरार होने वाले आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। अपराधी किसी भी राज्य या क्षेत्र में जाकर छिपे, पुलिस टीम समन्वय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पतासाजी कर उसे कानून के दायरे में लाएगी।

आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामद करने में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा, आरक्षक हेम सागर पटेल, आरक्षक विक्रम कुजूर, ओम प्रकाश तिवारी और विनोद शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी ने पूरी टीम को बधाई दी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS