Explore

Search

August 22, 2026 7:00 pm

किराना दुकान की परछी में रखी थी 291 पाव शराब, पुलिस ने दबोचा

‘ऑपरेशन बाज’ के तहत साइबर सेल और चिल्फी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 23 हजार रुपये की शराब जब्त

एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा जनवरी से अब तक 302 मामलों में 308 आरोपियों पर कार्रवाई, 685.09 लीटर शराब और 28 वाहन।जब्त”

CBN36 मुंगेली/चिल्फी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल और थाना चिल्फी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बोड़तरा कला में किराना दुकान की परछी में बड़ी मात्रा में देशी शराब रखकर बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 291 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कुल मात्रा 52.38 बल्क लीटर और कीमत 23,280 रुपये है, जब्त की है। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

एएसपी प्रशांत शुक्ला ने बताया कि 21 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोड़तरा कला निवासी सुखनंदन जायसवाल अपनी पूजा जनरल किराना दुकान की परछी में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में देशी प्लेन शराब रखे हुए है और ग्राहकों को शराब बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और थाना चिल्फी की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।

पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के आधार पर संदेही सुखनंदन जायसवाल को हिरासत में लेकर विधिवत तलाशी ली।

तीन बोरियों में मिली 291 पाव शराब

गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने पूजा जनरल किराना दुकान की परछी में रखी तीन बोरियों की तलाशी ली। जांच के दौरान दो बोरियों में 100-100 नग और एक बोरी में 91 नग देशी प्लेन शराब मिली। इस तरह कुल 291 पाव, प्रत्येक 180 एमएल, देशी प्लेन शराब बरामद हुई।

पुलिस ने कुल 52.38 बल्क लीटर शराब, अनुमानित कीमत 23,280 रुपये, तथा शराब बिक्री की रकम 300 रुपये जब्त की। आरोपी सुखनंदन जायसवाल पिता स्वर्गीय सेवाराम, उम्र 46 वर्ष, निवासी बोड़तरा कला, थाना चिल्फी, जिला मुंगेली के खिलाफ थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 115/26 दर्ज किया गया। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई की गई।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जनवरी से अब तक 302 मामलों में 308 आरोपी गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर मुंगेली जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत 1 जनवरी 2026 से 20 अगस्त 2026 तक अवैध शराब के खिलाफ कुल 302 प्रकरणों में 308 आरोपियों पर कार्रवाई की गई है।

इस दौरान पुलिस ने कुल 685.09 बल्क लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 68 हजार 922 रुपये है, जब्त की है। कार्रवाई में 27 मोटरसाइकिल और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।

देशी शराब के 276 प्रकरण, 279 आरोपी

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार अभियान के तहत अंग्रेजी शराब के एक प्रकरण में एक आरोपी से 15.60 लीटर शराब, जिसकी कीमत 13,520 रुपये है, जब्त की गई। इस मामले में एक मोटरसाइकिल भी जब्त हुई।

देशी शराब के 276 प्रकरणों में 279 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 480.68 लीटर शराब, जिसकी कीमत 2 लाख 30 हजार 835 रुपये है, जब्त की गई। इन मामलों में 26 मोटरसाइकिल और एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया।

वहीं महुआ शराब के 25 प्रकरणों में 28 आरोपियों से 188.81 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 24,567 रुपये बताई गई है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही के नेतृत्व में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, सउनि मनकराम ध्रुव, संतोष लोधी, प्रधान आरक्षक नरेश यादव, शेषनारायण कश्यप, पारस टोण्डे तथा आरक्षक भेषज पाण्डेकर, परमेश्वर जांगड़े, भेलेश्वर जायसवाल और मनीष प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS