Explore

Search

August 22, 2026 6:06 pm

मड़वा से सीधे रोशन होगी राजधानी, रायपुर के ग्रिड से जुड़ा 500-500 मेगावाट की दो इकाइयों वाला प्लांट

CBN36 रायपुर। राजधानी रायपुर की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। अब रायपुर की करीब 40 प्रतिशत बिजली आपूर्ति जांजगीर-चांपा जिले के मड़वा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह से सीधे की जा सकेगी। इसके लिए 400 केवी रायता (धरसीवां) उपकेंद्र से दलदलसिवनी के निर्माणाधीन 220 केवी उपकेंद्र तक करीब 27 किलोमीटर लंबी 220 केवी अति उच्च दाब डबल सर्किट लाइन को सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है।

करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस लाइन के चालू होने से रायपुर का सप्लाई ग्रिड सीधे मड़वा ताप विद्युत गृह से जुड़ गया है। इससे राजधानी में बिजली की उपलब्धता और आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ने की उम्मीद है।

500-500 मेगावाट की दो इकाइयां

मड़वा के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह में 500-500 मेगावाट क्षमता की दो आधुनिक ताप विद्युत उत्पादन इकाइयां संचालित हैं। राजधानी रायपुर में सामान्य तौर पर 500 से 700 मेगावाट तक बिजली की मांग रहती है। नई ट्रांसमिशन लाइन के जरिए मांग के एक बड़े हिस्से की आपूर्ति सीधे मड़वा से की जा सकेगी।

उद्योगों को भी मिलेगा फायदा

नई लाइन से घरेलू और गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के साथ उरला, सिलतरा और मेटल पार्क के औद्योगिक क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। बिजली आपूर्ति का अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध होने से इन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को अधिक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय बनाने में मदद मिलेगी।

दलदलसिवनी में उपकेंद्र का निर्माण अंतिम चरण में

दलदलसिवनी के पूर्वी हिस्से में 2×160 एमवीए क्षमता का 220/132/33 केवी उपकेंद्र निर्माणाधीन है। इसका निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उपकेंद्र के जल्द चालू होने के बाद राजधानी की उच्च दाब विद्युत अधोसंरचना और मजबूत होगी। इससे 50 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।

15 से अधिक क्षेत्रों से होकर गुजरी लाइन

करीब 27 किलोमीटर लंबी यह डबल सर्किट लाइन कुशल, सिलियारी, पथरी, टोर, बरबंदा, नेवरा, मटिया, दोंदेखुर्द, सेमरिया, गिरहोली, मांढ़र, गिरौद, बरौदा, टेकरी और उरकुरा समेत विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी है।

कंप्यूटर पर क्लिक कर लाइन की चार्जिंग

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने कंप्यूटर पर क्लिक कर रायता उपकेंद्र से नई लाइन का चार्जिंग कार्य पूरा कराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज को बधाई दी। चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे राजधानी की विद्युत व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इस अवसर पर संजय पटेल, प्रसन्ना गोस्वामी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरके तिवारी, ईश्वर कंवर, अधीक्षण अभियंता वीए देशमुख, कार्यपालन अभियंता यूके यादव, सुधांशु त्रिपाठी और सुचिंद्र उइके समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS