CBN36 बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब की वर्तमान परिस्थितियों और संस्था में आपसी सम्मान एवं संवाद के वातावरण को लेकर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष इरशाद अली ने वरिष्ठ पत्रकारों एवं पत्रकार साथियों की बैठक बुलाई है। बैठक 22 अगस्त, शनिवार को दोपहर 1 बजे प्रेस ट्रस्ट भवन, ईदगाह चौक, बिलासपुर में आयोजित की जाएगी।
इरशाद अली ने पत्रकार साथियों को भेजे आमंत्रण में कहा है कि प्रेस क्लब ने वर्षों से पत्रकारिता जगत में अपनी गरिमापूर्ण पहचान बनाई है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में आपसी सम्मान, सौहार्द और स्वस्थ संवाद का वातावरण प्रभावित होता दिखाई दे रहा है, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव द्वारा प्रेस क्लब के अधिकृत ग्रुप में उनके प्रति आपत्तिजनक एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए गंभीर धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि किसी भी पत्रकार संस्था में इस तरह की भाषा और व्यवहार उचित नहीं है तथा वरिष्ठ पत्रकारों के प्रति सम्मान और मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।
पूर्व अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि प्रेस क्लब की गरिमा, पत्रकारों के सम्मान और संस्था के स्वस्थ वातावरण को बनाए रखने के लिए सामूहिक चर्चा करना है।
उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों एवं पत्रकार साथियों से बैठक में उपस्थित होकर अपने विचार साझा करने और आगे उठाए जाने वाले उचित एवं सम्मानजनक कदमों को लेकर मार्गदर्शन देने का आग्रह किया है।
इरशाद अली ने विश्वास जताया कि वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभव, सहयोग और मार्गदर्शन से इस विषय का उचित समाधान निकालने की दिशा में सकारात्मक पहल की जा सकेगी।
प्रधान संपादक




