“डीजीपी-आईजी सम्मेलन के तहत गोद लिए थाना हथबंद का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश,थाना रखरखाव, रिकॉर्ड संधारण और आमजन से संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश”
CBN36 बलौदाबाजार-भाटापारा। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा ने शुक्रवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का आकस्मिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डीजीपी/आईजी सम्मेलन के निर्देशों के तहत अपने द्वारा गोद लिए गए थाना हथबंद का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी को थाने के बेहतर रखरखाव, रिकॉर्ड संधारण और आमजन से संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थाना हथबंद का किया निरीक्षण

आईजी अमरेश मिश्रा ने थाना परिसर की स्वच्छता, अधोसंरचना और संसाधनों के रखरखाव का जायजा लिया। उन्होंने थाना रिकॉर्ड और शासकीय पंजियों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाने में आने वाले आम लोगों और पीड़ितों के साथ शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने पर जोर दिया।
राजपत्रित अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक

थाना निरीक्षण के बाद आईजी ने पुलिस अधीक्षक गौरव राय के साथ पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
अंधविश्वास और जादू-टोना के मामलों में त्वरित कार्रवाई
आईजी ने अंधविश्वास, जादू-टोना और इससे संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में अंधविश्वास के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
साइबर अपराध की रोकथाम पर जोर
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और साइबर जागृति अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने के निर्देश दिए गए। औद्योगिक संयंत्रों के प्रबंधकों को भी अपने यहां कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर जागरूकता अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
पुलिसिंग में मजबूत लीडरशिप की जरूरत
आईजी ने मैदानी स्तर पर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने के लिए अधिकारियों को मजबूत नेतृत्व के साथ काम करने कहा। भविष्य की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए अग्रिम रणनीति तैयार रखने के निर्देश भी दिए।
CCTNS का प्रभावी संचालन करने कहा
बैठक में सीसीटीएनएस के तहत डेटा एंट्री और केस मैनेजमेंट का काम समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सड़क हादसे रोकने यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश
आईजी ने जिले में यातायात व्यवस्था को और दुरुस्त करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने कहा। छोटे कस्बों, नगरों और ग्रामों में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए व्यापारी संघों के साथ समन्वय स्थापित करने और अधिक से अधिक ट्रैफिक वॉलंटियर्स नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा, एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक कैंप कसडोल कौशल किशोर वासनिक, उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी, एसडीओपी बलौदाबाजार उषा सोंधिया सहित पुलिस कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




